
Ashwin left Rajkot Test: इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट से अचानक रविचंद्रन बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने बताया था कि पारिवारिक इमरजेंसी के चलते अश्विन तीसरे टेस्ट से बाहर हुए हैं, लेकिन ये नहीं बताया कि असल में हुआ क्या है? इसी बीच बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने अश्विन के तीसरे टेस्ट से बाहर होने का असली कारण बताया है। बता दें कि इस टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को खेल खत्म होते ही अश्विन को अचानक टीम का साथ छोड़ घर के लिए रवाना होना पड़ा। अब वह इस टेस्ट में खेलते नजर नहीं आएंगे। बीसीसीआई ने शुक्रवार की रात ही इस बात की जानकारी दी।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने अब रविचंद्रन अश्विन की पारिवारिक इमरजेंसी का खुलासा किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए अश्विन के राजकोट टेस्ट को बीच में ही छोड़कर जाने की असल वजह बयां की है। शुक्ला ने बताया कि असल में आर अश्विन की मां की तबीयत ज्यादा खराब हो गई है। इस वजह से उन्हें अचानक राजकोट टेस्ट बीच में छोड़ चेन्नई अपने घर जाना पड़ा है।
अश्विन की मां के जल्द स्वस्थ होने की कामना
बीसीसीआई उपाध्यक्ष इस संबंध में ज्यादा कुछ नहीं बताया कि उनकी मां को आखिर हुआ क्या है? शुक्ला ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा कि रविचंद्रन अश्विन की मां के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उन्हें अपनी मां के पास रहने के लिए राजकोट टेस्ट छोड़कर चेन्नई घर के लिए रवाना होना पड़ा है।
राजकोट टेस्ट के दूसरे दिन ही अश्विन ने अपने 500 टेस्ट विकेट पूरे किए
बता दें कि राजकोट टेस्ट के दूसरे दिन ही आर अश्विन ने अपने टेस्ट करियर के 500 विकेट पूरे किए। यहां तक पहुंचने वाले वह दूसरे भारतीय गेंदबाज और दुनिया के 9वें खिलाड़ी हैं। भारत के लिए इससे पहले 500 विकेट लेने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले के नाम दर्ज था। अनिल कुंबले ने अपने टेस्ट करियर में 619 विकेट चटकाए हैं।
यह भी पढ़ें : BCCI की चेतावनी के बावजूद ये 7 स्टार खिलाड़ी नहीं खेल रहे रणजी ट्रॉफी
Published on:
17 Feb 2024, 8:32 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.