
Champions Trophy 2025,IND vs PAK: पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया ने कहा कि मोहम्मद रिजवान की अगुआई वाली टीम के पास रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में चैंपियंस ट्रॉफी के अपने मुकाबले में भारत के खिलाफ जीतने का कोई मौका नहीं है।
कनेरिया ने हाल ही में त्रिकोणीय सीरीज में हार और घरेलू धरती पर वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 1-1 से ड्रॉ सहित पाकिस्तान के निराशाजनक प्रदर्शन को उजागर करके अपने बयान का समर्थन किया। दूसरी ओर, अनुभवी स्पिनर ने भारत का उदाहरण दिया कि कैसे उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में हार के बाद व्हाइट-बॉल सीरीज में इंग्लैंड को कुचल दिया।
कनेरिया ने कहा, "ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में मिली हार के बाद भारत ने घर में व्हाइट-बॉल सीरीज में इंग्लैंड को हराया। रोहित, विराट ने रन बनाए और शमी ने भी टीम में वापसी की और अपनी गेंदबाजी से आलोचकों को चुप करा दिया तथा बांग्लादेश के खिलाफ पांच विकेट लिए।"
उन्होंने कहा कि बाएं हाथ के गेंदबाजों - रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल की मौजूदगी के कारण भारत के स्पिनर बाबर आजम के लिए मुश्किलें खड़ी करेंगे। भारत के पास बेहतर स्पिनर हैं और बाबर आजम बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष करते हैं। वह रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल से कैसे निपटेंगे। दूसरी ओर, पाकिस्तान के पास अच्छा स्पिनर नहीं है और हमने विराट और अन्य बल्लेबाजों को लेग स्पिनर के खिलाफ संघर्ष करते देखा है। मैच बहुत बड़ा है लेकिन पाकिस्तान के पास 23 फरवरी को होने वाले मैच को जीतने का कोई मौका नहीं है।"
पूर्व क्रिकेटर ने बाबर पर टूर्नामेंट के पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 321 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 90 गेंदों में 64 रन बनाने के बाद भी इरादे नहीं दिखाने का आरोप लगाया। कनेरिया ने खुशदिल शाह की 49 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 69 रन की पारी के दौरान इरादे दिखाने के लिए उनकी सराहना की।
कनेरिया ने कहा, "किसी भी चीज को हल्के में नहीं लेना चाहिए। मैंने एक चीज देखी है कि जब बाबर को लगता है कि मैच उनकी पहुंच से बाहर है तो वह अपने व्यक्तिगत रन बनाने की कोशिश करता है। उसने इरादे नहीं दिखाए जबकि खुशदिल शाह ने अच्छा प्रदर्शन किया और अच्छी पारी खेली। हालांकि हम मैच हार गए लेकिन उनकी पारी ने हार के अंतर को कम कर दिया। बाबर अपनी पारी को सही नहीं ठहरा सकते। "
उन्होंने कहा, "शुभमन गिल ने शानदार शतक बनाया। अगर आपके पास इरादे नहीं हैं तो (भारत के खिलाफ जीतना) बहुत मुश्किल होगा। दुबई में पिचें सूखी और धीमी हैं और जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति के बावजूद गुणवत्तापूर्ण भारतीय गेंदबाजी के खिलाफ खेलना मुश्किल है।"
मैच के लिए अपने ट्रम्प कार्ड चुनने के लिए पूछे जाने पर, कनेरिया ने पाकिस्तान के लिए खुशदिल, सऊद शकील और शाहीन और भारत के लिए शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली और हर्षित राणा का नाम लिया।
"फखर की अनुपस्थिति में, खुशदिल शाह और सलमान आगा में ट्रम्प कार्ड बनने की क्षमता है। तकनीकी रूप से, सऊद शकील एक अच्छे खिलाड़ी हैं, वह बहुत अच्छा खेलते हैं। किसी भी दिन, वह बड़ा अंतर पैदा कर सकते हैं और टीम में फखर की भूमिका निभा सकते हैं। गेंदबाजी विभाग में, शाहीन सबसे अनुभवी गेंदबाज हैं। भारत के लिए, रोहित शर्मा शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन शुभमन गिल का फॉर्म पाकिस्तान के लिए खतरनाक हो सकता है। वह उनके लिए एक्स-फैक्टर होंगे। निश्चित रूप से, रोहित और विराट कोहली भी हैं। गेंदबाजी विभाग में, हर्षित राणा एक महत्वपूर्ण गेंदबाज होंगे…"
रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने गुरुवार को अपने शुरुआती मैच में बांग्लादेश को छह विकेट से हराया और अब अगले मुकाबले में रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेगी।
Updated on:
22 Feb 2025, 3:01 PM IST
Published on:
22 Feb 2025, 2:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.