
नई दिल्ली। इंग्लैंड से पहले दो टेस्ट मैच में मिली हार से पांच मैचों की सीरीज में बैकफुट पर आई भारतीय टीम के लिए शनिवार से ट्रेंट ब्रिज में शुरू हो रहा तीसरा मैच वापसी के लिहाज से निर्णायक है। इस मैच में अगर इंग्लैंड की टीम जीतती है तो सीरीज उसके नाम होगी। भारत 2007 के बाद से इंग्लैंड में सीरीज नहीं जीत सका है। पहले दो मैचों में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह से विफल रही और इसी लिहाज से तीसरे मैच में विराट कोहली अंतिम-11 में बदलाव कर कुछ नए चेहरों को जगह दे सकते हैं।
पंत को मिलेगा मौका
इस सीरीज़ में सलामी जोड़ी भारत के लिए परेशानी बनी हुई है। ऐसे में इस मैच में एक बार फिर सलामी जोड़ी बदली जा सकती है और मुरली विजय की जगह शिखर धवन टीम में वापसी कर सकते हैं। इसके अलावा विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक लगातार ख़राब प्रदर्शन कर रहे हैं ऐसे में उनकी जगह युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत को मौका मिल सकता है। अगर पंत खेले तो ये उनका टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण होगा। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहले दो टेस्ट मैच में चोट के कारण टीम से बाहर थे। अब माना जा रहा है कि वह फिट हो चुके हैं। ऐसे में तीसरे टेस्ट में कुलदीप के स्थान पर बुमराह को मैदान पर उतारा जा सकता है। उमेश यादव का विकल्प भी टीम के पास मौजूद है।
कोहली की चोट चिंता का विषय
विराट कोहली को दूसरे मैच में पीठ में दिक्कत हुई थी। वह चौथे दिन फील्डिंग करने भी नहीं उतरे थे और इसी दिन पीठ में दर्द के साथ ही उन्होंने बल्लेबाजी भी की थी। कोहली की चोट अगर ठीक नहीं हुई है तो यह भारत के लिए बहुत बड़ा झटका साबित हो सकती है क्योंकि वही एक ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने इंग्लैंड की परिस्थिति में रन बनाने की काबिलियत दिखाई है। दूसरे मैच में कोहली ने शिखर धवन को बाहर कर लोकेश राहुल को टीम में चुना था, लेकिन राहुल और उनके सलामी जोड़ीदार मुरली विजय दोनों ही विफल साबित हुए थे। पिछले इंग्लैंड दौर पर रन करने वाले उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे भी दो मैचों में असफल रहे हैं। उनका फॉर्म में आना भी भारत के लिए बहुत जरूरी है।
स्टोक्स की टीम में वापसी
इंग्लैंड की बात की जाए तो उसे बेन स्टोक्स के आने से मजबूती मिलेगी। वह दूसरे टेस्ट में ब्रिस्टल मामले में सुनवाई के कारण नहीं खेले थे। कप्तान जोए रूट ने मैच की पूर्व संध्या पर अंतिम एकादश का ऐलान कर दिया दिया है जिसमें एक बदलाव देखने को मिला है। सैम कुरैन के स्थान पर स्टोक्स को तीसरा टेस्ट खेलने का मौका मिलेगा। बाकी कोई और बदलाव टीम में नहीं किया गया है।
संभावित भारतीय टीम - विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), चेतेश्वर पुजारा, शिखर धवन, लोकेश राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी और रविचंद्रन अश्विन।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल




