
Abhishek Nayar: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सहायक कोच और मौजूदा IPL सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ने वाले अभिषेक नायर T20 Mumbai League 2025 में नई भूमिका में नजर आएंगे। दरअसल, मुंबई टी-20 लीग की फ्रेंचाइजी टीम मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स (Mumbai South Central Maratha Royals) ने उन्हें बतौर मेंटॉर नियुक्त किया है। मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स का मुख्य कोच अमित दानी अब अभिषेक नायर के साथ होंगे।
वहीं, वर्तमान में IPL 2025 में मुंबई इंडियंस (MI) के गेंदबाजी कोच के रूप में कार्यरत पारस म्हाम्ब्रे T20 Mumbai League 2025 की फ्रेंचाइजी टीम एआरसीएस अंधेरी में मेंटर के रूप में शामिल हुए हैं। मुंबई के पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर राजेश पवार भी एआरसीएस अंधेरी के सहायक कोच के रूप में उनके साथ जुड़ेंगे।
वैसे यह साल अभिषेक नायर के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा है। गौतम गंभीर को टीम इंडिया का कोच बनाए जाने के बाद बतौर असिस्टेंट कोच अभिषेक नायर को टीम इंडिया में शामिल किया गया था, लेकिन 10 महीने से भी कम समय में उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई दौरे के दौरान की गई समीक्षा बैठक में अभिषेक नायर की भूमिका पर कई लोगों ने सवाल उठाए थे, जिसके चलते भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनके एग्रीमेंट को रद्द कर दिया था।
टी20 मुंबई क्रिकेट लीग में कई स्टार भारतीय खिलाड़ी खेलते हुए दिखाई पड़ेंगे। ये खिलाड़ी हैं सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर, अजिंक्य रहाणे, शिवम दुबे, सरफराज खान, तुषार देशपांडे और पृथ्वी शॉ।
Updated on:
27 Apr 2025 04:18 pm
Published on:
27 Apr 2025 04:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
