
कोलकाता : क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने रविवार को कोलकाता में प्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उनके पास मोहम्मद शमी के गुनाह के सारे सबूत मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि शमी ने गुनाह किया है। उन पर जुल्म किया है। रिश्ता बचाने की जितनी कोशिशें कर सकती थीं, वह उन्होंने किया। लेकिन अब विवाद बहुत गहरा गया है। अब अगर समझौता किया तो लोग उन्हें ही गुनहगार ठहराएंगे। हालांकि कॉन्फ्रेंस के दौरान अब भी रिश्ता बचाने के संकेत दिए।
शमी को दिए बहुत मौके
हसीन जहां ने बताया कि वह 4 दिनों तक शमी को समझाती रहीं, लेकिन हर बार यही कहता रहा कि उसने कोई गलती नहीं की है। इसके बाद उसने मुझे इग्नोर करना शुरू कर दिया। मैं उससे कहती रही कि मुझसे वादा करो। अब ऐसा नहीं करोगे। बीवी की इज्जत करोगे। इतना ही नहीं, सबूत मिलने के बाद तो शमी ने उनका फोन उठाना ही बंद कर दिया।
जब मोबाइल हाथ लगा, तब बदला बर्ताव
हसीन जहां ने कहा कि एक दिन बीएमडब्लयू कार से उन्हें शमी का मोबाइल मिला। शमी की सच्चाई उन्हें मोबाइल से ही पता चली। शमी को जब ये पता चला कि उसका फोन उन्हें मिल गया है, जिसमें सारे सबूत है, तब उनके व्यवहार में बदलाव आया। अगर उन्हें शमी का मोबाइल नहीं मिला होता तो वह उन्हें कब का तलाक का नोटिस भेज चुका होता। वह तो उन्हें छोड़ कर उत्तर प्रदेश भाग रहा था। फोन की वजह से ही रुक गया।
हसीन अब भी सबकुछ भूलने को तैयार
हसीन ने कहा कि हालांकि अब मामला काफी आगे जा चुका है। ऐसे में समझ नहीं आता की अब सुलह कैसे होगी। मैंने अपने रिश्ते को बचाने के लिए उसे काफी समझाया। वह वापस आने की कोशिश करे तो अब भी इस बारे में सोच सकती हैं। उन्होंने कहा कि शमी खुद को बचाने के लिए सब कुछ कर रहा है। मैंने मीडिया को सभी सबूत सौंप दिए हैं। मीडिया मामले की पड़ताल क्यों नहीं करता।
शमी का परिवार कोलकाता लौटा
इस बीच शमी-हसीन प्रकरण में दिल्ली लौटे शमी के परिजन रविवार को फिर से कोलकाता के लिए रवाना हो गए हैं। शनिवार रात करीब रात 11 बजे परिजन कोलकाता से दिल्ली लौट आए थे। परिजनों का अचानक वापस कोलकाता जाने के पीछे माना जा रहा है कि इस मामले में सुलह के प्रबल आसार बन गए हैं।
शमी भी दे चुके हैं सुलह के संकेत
इससे पहले पत्नी हसीन जहां के आरोपों से भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी शनिवार को काफी भावुक नजर आए। विवाद को खत्म करने के लिए पत्नी हसीन जहां को बेटी का भी वास्ता दिया था। उन्होंने कहा था कि वह पत्नी और बेटी के साथ रहने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। वह हसीन जहां से भी लगातार संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि पत्नी हसीन किसी के इशारे पर काम कर रही है। उन्हें कम से कम मुझे एक मौका तो देना चाहिए। वह परिवार के लिए कुछ भी करने को तैयार हूं। पत्नी हसीन जहां और बेटी आएरा शमी ही उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशी हैं। कम से कम हसीन को बेटी की खातिर इस मामले को खत्म करना चाहिए।
हसीन के पहले पति ने कहा बातचीत से मामला सुलझ सकता है
मालूम हो कि हसीन जहां की मोहम्मद शमी से दूसरी शादी है। हसीन-शमी विवाद के बाद उनके पूर्व पति शेख सैफुद्दीन भी सामने आ गए हैं। उन्होंने हसीन को बेहद महत्वकांक्षी महिला बताया। हसीन की पहली शादी 2002 में सैफुद्दीन से हुई थी। दोनों का तलाक 2010 में हो गया था। उन्होंने उन दोनों को सलाह देते हुए कहा कि दोनों साथ बैठकर बात करना चाहिए। सारा मामला खुद ब खुद सुलझ जाएगा।
यह है मामला
हसीन जहां ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पर घरेलू हिंसा, रेप और मारपीट समेत जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है। इस मामले में शमी पर गैर जमानती धाराएं लगाई हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
11 Mar 2018, 4:44 PM IST
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल




