
नई दिल्ली। पूर्व क्रिकेटर इयान चैपल, संजय मांजरेकर और आकाश चोपड़ा ने मौजूदा समय में पांच बेस्ट टेस्ट गेंदबाजों का चयन किया है, जिसमें चैपल ने पांच बेस्ट टेस्ट गेंदबाजों में तीन भारतीय गेंदबाजों को जगह दी है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस नंबर वन पर हैं। चैपल ने जिन पांच गेंदबाजों को आज के दौर का सबसे बेहतरीन गेंदबाज बताया उनमें आर अश्विन, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, पैट कमिंस और कगीसो रबाडा को जगह दी है।
जेम्स एंडनसन को इस वजह से नहीं मिली जगह
चैपल ने कहा कि उन्होंने इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंंडरसन को इसलिए इस लिस्ट में शामिल नहीं किया क्योंकि वह लगातार क्रिकेट नहींं खेल रहे हैं। पूर्व कप्तान इयान चैपल ने भारत के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर नाथन लियोन से बेहतर बताया है।
लियोन से बेहतर हैं अश्विन
चैपल ने कहा, ‘मेरे ख्याल से अश्विन लियोन से बेहतर हैं। लियोन की स्ट्राइक रेट को देखें। आप 70 के दशक की बात कर रहे हैं और मैं साल 2018 की बात कर रहा हूं।’ 2018 से लियोन ने 27 टेस्ट मैचों में 72.5 के औसत से 113 विकेट लिए हैं। उन्होंने छह बार पांच-पांच विकेट लिए हैं। इस दौरान लियोन का भारत के खिलाफ 85.8 का स्ट्राइक रेट रहा है जो उनका किसी अन्य टीम की तुलना में सबसे ज्यादा खराब है।
चैपल ने कहा, ‘मेरे ख्याल से जब लियोन दाहिने हाथ के बल्लेबाज को गेंद करते हैं तो ऑनसाइड से रन निकलते हैं। हां, लियोन एक अच्छे गेंदबाज हैं लेकिन अश्विन उनसे बेहतर हैं।’ लियोन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 100 टेस्ट मैच खेले हैं और 399 विकेट लिए हैं जबकि अश्विन के नाम 78 टेस्ट मैचों में 409 विकेट हैं। लियोन ने भारत के खिलाफ पिछली चार मैचों की टेस्ट सीरीज में नौ विकेट लिए थे।
भारतीय सरजमीं पर लिए 70 फीसदी विकेट
अश्विन ने विदेशी जमीन पर अधिक सफलता हासिल नहीं की है। उन्होंने 70 फीसदी विकेट भारतीय जमीन पर लिए हैं। हालांकि, अश्विन को अक्सर चोटिल होने के कारण विदेशी दौरों से बाहर रहना पड़ा है। चैपल ने कहा, ‘मेरे ख्याल से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है। इसके अलावा अश्विन की प्रतिष्ठता भी है।’ अश्विन हाल ही में घरेलू टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। उन्होंने 33 विकेट लिए थे और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे।
यह हैं मांजरेकर 5 बेस्ट गेंदबाज
मांजरेकर ने कमिंस के अलावा जेम्स एंडरसन, जोश हेजलवुड, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को चुना है। आकाश चोपड़ा की नजर में दो भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अश्विन के अलावा पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और न्यूजीलैंड के नील वैगनर शामिल है।
Updated on:
6 Jun 2021, 11:05 PM IST
Published on:
6 Jun 2021, 10:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.