
टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच 18 जून से होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए अंपायरों का ऐलान हो गया है। इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और माइकल गॉफ इस मुकाबले में मैदानी अंपायर होंगे। वहीं इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज क्रिस ब्रॉड आईसीसी मैच रैफरी की भूमिका में होंगे। इसके अलावा आईसीसी के एलीट पैनल के सदस्य रिचर्ड कैटलब्रो टीवी अंपायर होंगे। वहीं एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल अंपायर पैनल के एलेक्स वॉर्फ चौथे अंपायर होंगे। कुछ सप्ताह पहले सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट फैंस के बीच अंपायर रिचर्ड कैटलब्रो चर्चा में रहे।
कैटलब्रो को मैदान से दूर रखना चाहते थे फैंस
दरअसल भारतीय क्रिकेट फैंस मैच के दौरान कैटलब्रो को मैदान से दूर रखना चाहते थे। दरअसल, पिछले महीने पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने एक ट्वीट कर मीम्स शेयर किया था, जिसमें उन्होने इशारा किया था कि वह कैटलब्रो को बतौर अंपायर डब्ल्यूटीसी फाइनल में देखना पसंद नहीं करेंगे। इसके बाद फैंस ने भी प्रतिक्रियाएं देते हुए और कैटलब्रो के इतिहास को देखते हुए कहना शुरू कर दिया था कि उन्हें फाइनल में ना ही रखा जाए तो बेहतर है। दरअसल, इंग्लैंड के अंपायर कैटलब्रो के रहते भारतीय टीम की किस्मत आईसीसी नॉकआउट में हमेशा खराब रही।
भारत ने गवाएं नॉकआउट मुकाबले
कैटलब्रो के अंपायर रहने के दौरान भारत ने कई नॉकआउट मुकाबले गंवाए हैं। इनमें श्रीलंका के खिलाफ 2014 टी20 विश्व कप फाइनल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2015 विश्व कप सेमीफाइनल, वेस्टइंडीज के विरुद्ध 2016 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल, पाकिस्तान से 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल और न्यूजीलैंड के विरुद्ध 2019 विश्व कप सेमीफाइनल शामिल हैं। इसी वजह से भारतीय क्रिकेट फैंस को चिंता सता रही थी कि अगर कैटलब्रो डब्ल्यूटीसी फाइनल में मैदानी अंपायर बन गए तो शायद फिर से टीम इंडिया ये मैच न गंवा दे।
सभी को शुभकामनाएं
आइसीसी के वरिष्ठ प्रबंधक (अंपायर एवं रैफरी) एड्रियन ग्रिफिथ ने कहा कि हमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए अनुभवी मैच अधिकारियों की टीम की घोषणा करने की खुशी है। उन्होंने कहा कि महामारी के बीच यह आसान समय नहीं है, लेकिन हम भाग्यशाली हैं कि इस प्रतिष्ठित मुकाबले में ऐसे अधिकारियों का समूह हैं, जिसने वर्षों से लगातार अच्छा काम किया है. हम उन सभी को शुभकामनाएं देते हैं।
Updated on:
9 Jun 2021, 5:54 PM IST
Published on:
9 Jun 2021, 5:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.