
बीसीसीआई के चयनकर्ताओं ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली आखिरी टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी गई है। टी20 स्क्वॉड में करीब 14 महीने बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली की एंट्री हुई है तो इस टीम में केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन और दीपक चाहर समेत 6 खिलाडि़यों को जगह नहीं मिल सकी है। माना जा रहा है कि ये खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के प्लान में नहीं हैं। ये खिलाड़ी लगातार भारतीय टीम में बने हुए थे, लेकिन अब इन्हें अचानक बाहर कर दिया गया है।
सबसे पहले बात करते हैं श्रेयस अय्यर की, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में आखिरी दो मैच खेले थे और एक अर्धशतक भी लगाया था, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला था। वहीं, दीपक चाहर पिता की तबीयत खराब होने के चलते ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज के कुछ मैच नहीं खेल सके और साउथ अफ्रीका के दौरे पर भी नहीं जा सके। अब उन्हें अफगानिस्तान टी20 सीरीज से भी बाहर कर दिया गया है।
केएल राहुल और ईशान किशन को भी नहीं मिली जगह
बीसीसीआई के चयनकर्ताओं ने शानदार फॉर्म में चल रहे केएल राहुल को भी टी20 स्क्वॉड में शामिल नहीं किया है। केएल राहुल ने भी रोहित-विराट की तरह ही टी20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद से इस फॉर्मेट में कोई मैच नहीं खेला है। वहीं ईशान किशन को भी टीम में जगह नहीं मिल सकी है। इन दोनों की जगह संजू सैमसन और जितेश शर्मा दो विकेटकीपर को टीम में जगह दी गई है।
यह भी पढ़ें : मैरी कॉम बोलीं- युवा पीढ़ी एक बार चैंपियन बनकर हो जाती है संतुष्ट, नहीं दिखती भूख
युजवेंद्र और कृष्णा को भी किया नजरअंदाज
इसके साथ ही युजवेंद्र चहल और प्रसिद्ध कृष्णा को भी अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि ये सभी खिलाड़ी बीसीसीआई के टी20 वर्ल्ड कप प्लान का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि अभी भी इन सभी के पास एक बड़ा मौका बचा है। अगर इनमें से कोई आईपीएल 2024 में शानदार प्रदर्शन करता है तो वह टी20 टीम में वापसी कर सकता है।
इनके अलावा जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज को इस सीरीज से ब्रेक दिया गया है तो वहीं हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव के साथ ऋतुराज गायकवाड़ चोट के कारण बाहर हैं।
यह भी पढ़ें : शाकिब अल हसन ने भरी सभा में सेल्फी ले रहे फैन को जड़ा थप्पड़, देखें वायरल वीडियो
Updated on:
8 Jan 2024, 10:18 AM IST
Published on:
8 Jan 2024, 10:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.