
नई दिल्ली। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (78), ओपनर शिखर धवन (67), ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (64) के अर्धशतकों और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और शार्दुल ठाकुर की बेहतरीन गेंदबाजी से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में 7 रन से जीत हासिल कर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। भारत ने इस तरह इंग्लैंड से चार मैचों की टेस्ट सीरीज 3-1 से, पांच मैचों की टी-20 सीरीज 3-2 से और तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीती। भारत ने 48.2 ओवर में 329 रन का मजबूत स्कोर बनाने के बाद इंग्लैंड की चुनौती को 50 ओवर में 9 विकेट पर 322 रन पर थाम लिया।
सैम कुरेन ने खेली 95 रनों की नाबाद पारी
सैम कुरेन ने 83 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 95 रन की बेहतरीन पारी खेली लेकिन वह टीम को जीत की मंजिल पर नहीं पहुंचा पाए। लेकिन उन्होंने वनडे में किसी आठवें नंबर के बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर जरूर बना दिया। उनके साथ रीस टोप्ले एक रन बनाकर नाबाद रहे। कुरेन को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
जॉनी बेयरस्टो बने 'प्लेयर ऑफ द सीरीज'
इंग्लैंड के जानी बेयरस्टो 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' बने। भारत की तरफ से ठाकुर ने 67 रन पर चार विकेट और भुवनेश्वर ने 42 रन पर तीन विकेट निकाले। सी नटराजन को 73 रन पर एक विकेट मिला, लेकिन नटराजन ने पारी का सबसे महत्वपूर्ण आखिरी ओवर फेंका। जिसमें उन्होंने इंग्लैंड को जीत के लिए 14 रन नहीं बनाने दिए।
प्लेइंग इलेवन
भारत: रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), ऋषभ पंत, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, शार्दुल ठाकुर, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन और प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (कप्तान और विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, मोइन अली, सैम कुरेन, मार्क वुड, आदिल राशिद, रीस टॉपले।
Updated on:
28 Mar 2021, 11:42 PM IST
Published on:
28 Mar 2021, 2:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.