
नई दिल्ली। पहले मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भारत की नजरें दूसरा टी-20 मैच में जीत हासिल करते हुए तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त लेने पर होंगी। वहीं न्यूजीलैंड शनिवार को सौराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में होने वाले इस मैच में वापसी करने के इरादे से उतरेगा। दिल्ली में हुए पहले मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को खेल के सबसे छोटे प्रारूप में पहली बार मात दी थी। इस मैच से पहल भारत को टी-20 में हर बार हराने वाली मेहमान टीम को पिछले मैच में एक तरफा हार का सामना करना पड़ा था। मेजबानों की फॉर्म को देखते हुए जीत उससे दूर नहीं लग रही है लेकिन किवी टीम टी-20 की नंबर-1 टीम है और उसमें वापसी करने का पूरा माद्दा है।
बहुत मुश्किल है कीवी टीम की वापसी
पहले मैच में कीवी टीम की न गेंदबाजी चली थी न बल्लेबाजी। कीवी गेंदबाजों में से सिर्फ मिशेल सैंटनर ही भारतीय गेंदबाजों को शुरुआत में कुछ हद तक रोक पाए थे। बाकी के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए थे, हालांकि ईश सोढ़ी ने दो विकेट जरूर लिए थे। कीवी टीम के लिए सिर्फ बल्लेबाजी और गेंदबाजी ही चिंता का सबब नहीं है बल्कि फील्डिंग में भी पिछले मैच में वह कमजोर रही थी। शुरुआत में ही धवन और रोहित के कैच किवी फील्डरों ने छोड़े थे। ऐसे में मेहमानों को तीन क्षेत्र में सुधार करने की जरूरत है। बल्लेबाजी में किवी टीम की आस कप्तान केन विलियमसन, रॉस टेलर, मार्टिन गुप्टिल और टॉम लाथम पर है। इनके अलावा अगर कोलिन मुनरो का बल्ला चल गया तो वह भारतीय टीम के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं।
मोहम्मद सिराज कर सकते है पर्दापण
शिखर धवन और रोहित शर्मा की जोड़ी ने उसे विकेटों के लिए तरसा दिया था। बची कुची कसर विराट कोहली ने पूरी कर दी थी। कोहली ने पिछले मैच में श्रेयस अय्यर को पदार्पण का मौका दिया था, लेकिन वह बल्लेबाजी करने नहीं उतर पाए थे। दूसरे मैच में भी उम्मीद है कि अय्यर अंतिम एकदाश में होंगे। वहीं गेंदबाजी में भुवेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल ने भारत की तरफ से अपना कमाल दिखाया था। दिल्ली का मैच तेज गेंदबाज आशीष नेहरा का अंतिम मैच था। उनके जाने के बाद टीम में एक गेंदबाज की जगह खाली हुई है। ऐसे में इस सीरीज में टीम में शामिल किए गए मोहम्मद सिराज पदार्पण कर सकते हैं।
संभावित टीम
भारत : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, मनीष पांडे, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
न्यूजीलैंड : केन विलियमसन (कप्तान), मिशेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, रॉस टेलर, ट्रेंट बाउल्ट, टॉम ब्रूस, कोलिन डी ग्रांडहोम, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम, हेनरी निकोलस, एडम मिलने, कोलिन मुनरो, ग्लेन फिलिप्स (विकेटकीपर)।
Published on:
3 Nov 2017, 4:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.