
भारत बनाम पाकिस्तान (फोटो- IANS)
IND vs PAK Gold Medal Match Update: भारतीय मेंस क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को 19 रन से धूल चटाकर गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया है। एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में यह टीम इंडिया का दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले 2022 में भी टीम इंडिया ने श्रीलंका को फाइनल मुकाबले में हराकर गोल्ड मेडल जीता था। खिताबी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 211 रन बनाए। 212 रन के लक्ष्य के जवाब में पाकिस्तान की टीम 192 रन बना सकी।
एशियन गेम्स 2026 में भारत का यह 19वां गोल्ड मेडल है और क्रिकेट में भारतीय टीम का दूसरा। इससे पहले वूमेंस टीम ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल डिफेंड किया था।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत मिली जुली रही। वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, संजू सैमसन सिर्फ 2 रन ही बना सके। कप्तान श्रेयस अय्यर 24 गेंदों में 21 रन बनाने के बाद आउट हुए। ईशान किशन अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए और 18 गेंदों में 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि, अभिषेक ने एक छोर से शानदार बल्लेबाजी की और महज 28 गेंदों का सामना करते हुए 61 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में अभिषेक ने 3 चौके और 7 छक्के लगाए।
वहीं, उपकप्तान तिलक वर्मा बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में 51 रनों की नाबाद पारी खेली। तिलक ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए। उन्होंने शिवम दुबे (27 रन) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी निभाई, जिसके बूते भारतीय टीम 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास ने दो-दो विकेट चटकाए। हालांकि, फाइनल हारने के बावजूद, पाकिस्तान सिल्वर मेडल को अपने नाम करने में सफल रहा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। साहिबजादा फरहान बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 11 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए। उस्मान खान को भी सिर्फ 3 रनों के स्कोर पर अक्षर पटेल ने पवेलियन भेजा। माज सदाकत अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 18 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए।
39 के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही पाकिस्तान की पारी को हसन नवाज और सैम अयूब ने संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 48 गेंदों में 87 रनों की साझेदारी निभाई। अयूब 29 रन बनाने के बाद शिवम दुबे का शिकार बने। हालांकि, हसन ने एक छोर से अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और तेज तर्रार अंदाज में अर्धशतक पूरा किया। हसन नवाज ने 51 गेंदों में 96 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन वह पाकिस्तान को जीत नहीं दिला सके। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 7 छक्के लगाए। भारत की ओर से गेंदबाजी में अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट चटकाए।
इस मुकाबले में बीच के कुछ ओवर्स में लगा कि शायद मैच का रुख बदलेगा लेकिन लगातार पाकिस्तानी बल्लेबाजों के आउट होने और धीमी रनगति ने टीम इंडिया की जीत पर मुहर लगा दी। इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की और फिर तिलक वर्मा ने पारी का शानदार अंत किया। दोनों ने अर्धशतक जड़ा और फिर शिवम दुबे का कैमियो भी दिखा। गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने कमाल की बॉलिंग की और 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे को भी 2-2 सफलताएं मिलीं।
Updated on:
03 Oct 2026 01:55 pm
Published on:
03 Oct 2026 01:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
