नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच चल रहे अंडर-19 यूथ टेस्ट के दूसरे मैच में महाराष्ट्र, पुणे के बल्लेबाज पवन शाह ने भारत की ओर से अंडर-19 मैच में सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड बना दिया है। भारत की पहली पारी में वो 282 रन बनाकर आउट हुए। बल्लेबाज अथर्व तायड़े (177) के शतक और पवन शाह के शानदार दोहरे शतक की मदद से भारतीय अंडर-19 टीम ने श्रीलंका अंडर-19 टीम के खिलाफ दूसरे यूथ टेस्ट मैच के दूसरे दिन पारी घोषित होने तक 8 विकेट के नुक्सान पर 613 रन बना रहे हैं। यहां महिंद्रा राजपक्षे इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय अंडर-19 टीम ने 40 के स्कोर पर कप्तान अनुज रावत (11) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद तायड़े और शाह के बीच दूसरे विकेट के लिए 263 रन की साझेदारी हुई। भारतीय अंडर-19 टीम पहला मैच पारी और 21 रन से जीतकर 1-0 की बढ़त बनाए हुए है।