
एशियन गेम्स के लिए जापान गई भारतीय टीम पीटी ऊषा के साथ। (फोटो सोर्स: एक्स@/BCCI)
Asian Games 2026 Men's Cricket Event Scenario: एशियन गेम्स 2026 में मेंस क्रिकेट इवेंट के सभी मुकाबले निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाने हैं। लेकिन, चिंता की बात ये है कि जापान में इन दिनों मौसम काफी खराब है। लगातार बारिश की वजह से सात में से चार नॉकआउट मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ चुके हैं। अब सबकी नजरें सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों पर टिकी होंगी। अगर ये मुकाबले भी बारिश की वजह से रद्द हो जाते हैं, तो फिर भारतीय टीम का क्या होगा? ऐसे समीकरण बनने पर एशियन गेम्स के कौन से नियम का इस्तेमाल किया जाएगा और किसे चैंपियन घोषित किया जाएगा? आइये आपको भी बताते हैं।
जैसा कि चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबले बारिश से धुलने के बाद आपने देखा कि भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। जबकि अफगानिस्तान, हांगकांग, नेपाल और मलेसिया बगैर खेले ही बाहर हो गए हैं। यह एशियन गेम्स के नियमों के तहत किया गया है। इस नियम के तहत बारिश या अन्य किसी वजह से मैच रद्द होने पर बेहतर आईसीसी रैंक वाली टीम अगले राउंड में प्रवेश दे दिया जाता है और कम रैंक वाली टीम को बाहर होना पड़ता है।
बता दें कि एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट इवेंट में किसी भी मुकाबले के लिए रिजर्व-डे का प्रावधान नहीं है, चाहे वह सेमीफाइनल हो या फाइनल। अब अगर ऐसे में भारत बनाम श्रीलंका सेमीफाइनल मुकाबला रद्द हो जाता है, तो आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज भारतीय टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी और आईसीसी रैंकिंग में 9वें स्थान वाली श्रीलंकाई टीम बाहर हो जाएगी। इसी तरह अगर भारत का फाइनल मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ा, तो उसके सामने जो भी टीम होगी वह सिल्वर जीतेगी और भारतीय टीम इस तरह बगैर मैदान पर उतरे ही गोल्ड जीत जाएगी।
एशियन गेम्स 2026 का पहला सेमीफाइनल 1 अक्टूबर को पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच भारतीय समयानुसार, सुबह 5.30 बजे से खेला जाना है। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत आर श्रीलंका के बीच सुबह 1 अक्टूबर को ही सुबह 10.00 बजे से खेला जाएगा। जबकि ब्रॉन्ज मेडल का मुकाबला सेमीफाइनल हारने वाली टीमों के बीच 3 अक्टूबर को सुबह 5.30 बजे से और फाइनल मुकाबला सुबह 10 बजे से खेला जाएगा। अगर ये सभी मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ जाते हैं, तो भारत गोल्ड मेडल, पाकिस्तान सिल्वर मेडल और बांग्लादेश ब्रॉन्ज जीत जाएगा।
Updated on:
29 Sept 2026 03:22 pm
Published on:
29 Sept 2026 03:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
