
कीरोन पोलार्ड नई जिम्मेदारी के साथ मुंबई इंडियंस से जुड़े।
ipl 2023 : वेस्टइंडीज के स्टार आलराउंडर कीरोन पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस के साथ अपना बल्लेबाजी कोच रोल शुरू कर दिया है। उन्होंने आईपीएल 2023 से पहले टीम के पहले अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। बता दें कि पांच बार के आईपीएल चैंपियन मुंबई के लिए पोलार्ड हमेशा लीडर रहे हैं और खिलाड़ियों ने हमेशा उनसे सलाह ली है। अब वह पूर्ण बल्लेबाजी कोच की भूमिका में हैं। अब युवा खिलाड़ी पोलार्ड की सफलता को दोहराने के लिए उनके साथ ज्यादा समय बिता सकते हैं।
कीरोन पोलार्ड ने पहले सत्र की समाप्ति के बाद कहा कि मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलने और मुंबई के लोगों का प्रतिनिधित्व करने की भावना को बयां करने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। उन्होंने मेरे लिए बहुत कुछ किया है और एक खिलाड़ी के रूप में मैंने भी उनके लिए काफी कुछ किया है। यह जुड़ाव क्रिकेट मैचों से ज्यादा कुछ है। मेरे लिए कुछ भी नहीं बदला है। अब मैं खिलाड़ियों के आसपास ही रहूंगा।
पोलार्ड को लेकर युवा खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया
इस बीच मुंबई इंडियंस के युवा खिलाड़ियों ने भी टीम के साथ उनकी मौजूदगी के प्रभाव पर प्रकाश डाला। तिलक वर्मा ने कहा कि पिछले साल मैंने उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था। अब वह हमारे बल्लेबाजी कोच हैं, जिससे मैं बहुत रोमांचित हूं। वहीं, डेवाल्ड ब्रेविस ने कहा कि मैं आज जब नेट के लिए उतरा तो पोली मेरे पीछे खड़े थे। मेरे पहले साल में जब मैं नेट सत्र के लिए यहां आया था तो मैंने उनके साथ बल्लेबाजी की थी।
यह भी पढ़े - टीम इंडिया को बड़ा झटका, चोट के कारण लंबे समय के लिए बाहर हुआ ये स्टार खिलाड़ी
'भूमिका बदली, लेकिन संबंध वैसे ही रहेंगे'
मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा सत्र खेलने जा रहे आलराउंडर रमनदीप सिंह ने कहा कि जब भी मैं परेशानी में था तो वह हमेशा मार्गदर्शन करने के लिए मौजूद थे। कुमार कार्तिकेय ने कहा कि पिछला साल मेरा मुम्बई इंडियंस के साथ पहला साल था। इतने बड़े खिलाड़ी होने के बावजूद वह मुझसे बात करने से हिचकिचाते नहीं थे। इस साल उनकी भूमिका बदल गयी है, लेकिन हमारे संबंध वैसे ही बने रहेंगे।
यह भी पढ़े - हार्दिक पांड्या ने बरपाया कहर, स्टीव स्मिथ समेत 3 दिग्गजों को पवेलियन भेजा, देखें वीडियो
Published on:
22 Mar 2023, 3:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.