नई दिल्ली। भारत में युवा क्रिकेटरों की पौध कितनी जबरदस्त है, उसकी बानगी इस समय विजय हजारे ट्रॉफी में दिख रही है। इस समय देश के अलग-अलग शहरों में खेले जा रहे विजय हजारे ट्रॉफी में अलग-अलग राज्यों की टीमें आमने-सामने है। खेले जा रहे इन मुकाबलों में हररोज एक नहीं कई उदीयमान सितारें अपना जौहर दिखा रहे है। यूं तो आज इस टूर्नामेंट के कई मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ गए। लेकिन झारखंड और असम के बीच चेन्नई में खेला गया मुकाबला बड़ा यादगार साबित हुआ। इस मुकाबले को झारखंड ने आठ विकेट के अंतर से एकतरफा अंदाज में जीत लिया। झारखंड की ओर से युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने तूफानी शतकीय पारी खेली।