
नई दिल्ली। अपने एक ट्वीट विवादित ट्वीट की वजह से पाकिस्तानी ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी इन दिनों सुर्ख़ियों में हैं। अफरीदी अपने इस ट्वीट के चलते सोशल मीडिया में सब के निशाने पर हैं। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सुरक्षा बलों की कार्रवाई पर अफरीदी ने एक ट्वीट किया था जसिके बाद लगातार भारतीय समर्थंक और क्रिकेटर्स उन पर निशाना साध रहे हैं। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर , खब्बू बल्लेबाज सुरेश रैना और मशहूर लेखक जावेद अख्तर के बाद अब भारतीय कप्तान विराट कोहली और पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज कपिल देव ने इस मामले में अपना पक्ष रखा है।
कोहली ने कहा अपने देश के साथ खड़ा होना मेरी पहली प्राथमिकता
दरअसल अफरीदी ने कश्मीर में मारे गए आतंकियों को निर्दोष बताते हुए एक ट्वीट किया था जिसके बाद गौतम गंभीर, रैना और जावेद अख्तर ने उन पर कटाक्ष कस्ते हुए उन्हें आड़े हाथ लिया था। अब इस मामले पर भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अपना पक्ष रखते हुए कहा "एक भारतीय होने के नाते देश के लिए जो भी अच्छा होता है, हम वही कहते हैं। अगर कुछ भी देश के खिलाफ होता है तो मैं उसका समर्थन नहीं करूंगा।" साथ ही कोहली ने ये भी कहा के किसी भी मुद्दे पर बोलना किसी की निजी राय है। जब तक मुझे किसी मामले की पूरी जानकारी नहीं होती मैं उसपर राय नहीं रखता। लेकिन अपने देश के साथ खड़ा होना मेरी पहली प्राथमिकता है।"
कपिल ने साधा निशाना, गंभीर ने ली चुटकी
इतना ही नहीं कोहली के अलावा पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव ने अफरीदी को आड़े हाथ लेते हुए कहा " कौन है ये और हम इस आदमी को इतना महत्त्व क्यों दे रहे हैं। ऐसे लोगों को हमें कोई महत्त्व नहीं देना चाहिए।" कपिल के अलावा खब्बू बल्लेबाज सुरेश रैना ने ट्वीट कर कहा था के ”कश्मीर भारत का अभिन्न अंग हैं और हमेशा रहेगा। कश्मीर वह पवित्र भूमि है जहां मेरे पूर्वजों का जन्म हुआ। मैं उम्मीद करता हूं कि शाहिद अफरीदी भाई पाकिस्तान आर्मी से कश्मीर में आतंकवाद और प्रॉक्सी वार रोकने को कहेंगे। हम शांति चाहते हैं, खून-खराबा और हिंसा नहीं।” वहीं भारत के सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने अफरीदी की चुटकी लेते हुआ ट्वीट कर लिखा था, "अफरीदी पर क्या कहूं, अफरीदी यूएन की तरफ देख रहे हैं जबकि उनकी डिक्शनरी में यूएन का मतलब अंडर- 19 है, जो कि उनका एज ब्रैकेट भी है। मीडिया को अफरीदी को गंभीरता से लेने की जरुरत नहीं है। वे नो बॉल पर विकेट मिलने का जश्न मना रहे हैं।"
बता दें कि रविवार को सेना ने कश्मीर में 13 आतंकियों को मार गिराया था। अफरीदी ने मंगलवार को ट्वीट कर इन आतंकियों को निर्दोष और आजादी की मांग करने वाले युवक बताया था।
Updated on:
4 Apr 2018, 6:37 PM IST
Published on:
4 Apr 2018, 6:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.