नई दिल्ली : भारत की युवा क्रिकेट टीम सातवीं बार अंडर-19 एशिया कप जीतने में कामयाब रही। लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ फाइनल में भारतीय टीम जब महज 106 रनों पर सिमट गई थी तो उस समय ऐसा लग रहा था कि भारत की हार महज समय की बात है, लेकिन यहां से मुंबई का एक युवा स्पिनर अथर्व अंकोलेकर ने ऐसी शानदार गेंदबाजी की कि बांग्लादेश के लिए 106 रन का स्कोर भी पहाड़ बन गया। उन्होंने 28 रन देकर पांच विकेट लिए और बांग्लादेश की पूरी टीम को 101 रन पर ऑलआउट करने में अहम भूमिका निभाई। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस खिलाड़ी का यह सफर कितना मुश्किल रहा है। उनके पिता की जल्दी मृत्यु हो गई थी और उसके बाद एक समय उनके पूरे परिवार के जीवन-यापन पर भी संकट आ गया था, लेकिन इसके बावजूद अथर्व की मां ने अपने बेटे के सपने को मरने नहीं दिया।