
भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी। ( Photo- ANI)
Mohammed Shami met Nitin Nabin and Kunwar Basit Ali: मोहम्मद शमी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी वापसी की राह मुश्किल होती नजर आ रही है। हाल ही में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान भी किया था। अब उनके क्रिकेट से इतर एक नई पारी की शुरुआत करने की अटकलें तेज हो गई हैं। ऐसे में अगर शमी आने वाले दिनों में राजनीति के मैदान पर नजर आएं तो हैरानी नहीं होगी।
दरअसल, भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रविवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उनके राजनीति में कदम रखने की चर्चाओं को और हवा मिल गई है।
बीजेपी के शीर्ष नेताओं के साथ मोहम्मद शमी की इस मुलाकात ने क्रिकेट जगत से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल बढ़ा दी है। हालांकि, अभी तक न तो बीजेपी की ओर से और न ही खुद मोहम्मद शमी की तरफ से राजनीति में एंट्री को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। ऐसे में फिलहाल उनकी राजनीतिक पारी को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर विराम नहीं लगा है।
दिग्गज भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने भारत के लिए अब तक 64 टेस्ट और 108 वनडे मुकाबले खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट की 122 पारियों में उन्होंने 3.30 की इकॉनमी और 27.71 की औसत से कुल 229 विकेट हासिल किए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 56 रन देकर 6 विकेट है। शमी ने टेस्ट क्रिकेट में छह बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया है।
वहीं, 108 वनडे मुकाबलों में शमी के नाम कुल 206 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने इस प्रारूप में 24.05 की औसत और 5.58 की इकॉनमी से गेंदबाजी की है। वनडे क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 57 रन देकर 7 विकेट है। इस प्रारूप में भी वह छह बार पांच विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।
इसके अलावा, मोहम्मद शमी ने भारत के लिए 25 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले भी खेले हैं, जिनमें उन्होंने कुल 27 विकेट अपने नाम किए हैं। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी गेंदबाजी औसत 28.18 और इकॉनमी रेट 8.95 का रहा है।
मोहम्मद शमी आईपीएल के अगले सीजन में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। इससे पहले वह लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा थे। 17 नवंबर को लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच ट्रेड डील हुई थी, जिसके तहत शमी राजस्थान की टीम में शामिल हुए।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल




