
चोटिल मुस्तफिजुर रहमान बांग्लादेश-अफगानिस्तान T20 सीरीज से हुए बाहर
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के समाप्त होने के बाद अब द्विपक्षीय सीरीजों का दौर शुरू होने वाला है। आगामी सीरीजों में सबसे पहली द्विपक्षीय सीरीज बांग्लादेश औऱ अफगानिस्तान के बीच खेली जानी है। यह सीरीज जून के पहले सप्ताह में भारत में खेला जाएगा। लेकिन इस सीरीज से पहले ही बांग्लादेशी टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए है। बांग्लादेशी क्रिकेट बोर्ड ने इस बात की पुष्टि कर दी है।
आईपीएल के दौरान लगी थी चोट-
मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल -11 के दौरान मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रहमान को आईपीएल के दौरान ही चोट लगी थी। जहां तक बात इस सीजन में रहमान के प्रदर्शन की हो तो रहमान कोई खास बड़ा कारनामा कर पाने में नाकाम रहे थे। उनके खाते में केवल सात विकेट दर्ज है।
बीसीबी डॉक्टर ने की पुष्टि-
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के डॉक्टर देबाशिश चौधरी ने इस चोट के बारे में कहा कि मुस्तफिजुर को हालिया इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान चोट का सामना करना पड़ा। अब उन्हें पूर्ण फिटनेस के लिए दो- तीन सप्ताह की आवश्यकता है। ऐसे में वे अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले सीरीज में नहीं खेल सकेंगे।
किसी और को किया जाएगा शामिल-
मुस्तफिजुर रहमान के चोटिल होने के बाद अब बांग्लादेशी क्रिकेट टीम में किसी और सदस्य को शामिल किया जाएगा। हालांकि अभी तक बांग्लादेशी बोर्ड की ओर से किसी खिलाड़ी का नाम जाहिर नहीं किया गया है। यह सीरीज कर्टनी वाल्श के लिए भी परीक्षा सरीखा है। जिन्हें बांग्लादेशी बोर्ड ने कोच नियुक्त किया है।
तीन टी-20 मैच खेले जाने है-
बांग्लादेश और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जानी है। सीरीज का पहला मैच 3 जून को देहरादून में खेला जाएगा। जबकि सीरीज का आखिरी मैच 7 जून को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम देहरादून में खेली जाएगी।
Published on:
29 May 2018 01:50 pm
