
नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शोएब मलिक (shoaib malik) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के खिलाफ चयन पूर्वाग्रह का आरोप लगाते हुए कहा है कि खिलाडिय़ों को प्रदर्शन के आधार पर नहीं बल्कि ताल्लुकात (कनेक्शन) के आधार पर चुना जाता है। मलिक की यह टिप्पणी पीसीबी चयन समिति द्वारा जिम्बाब्वे में हाल ही में समाप्त हुई टेस्ट सीरीज के लिए खिलाडिय़ों के चयन पर कप्तान बाबर आजम के सुझावों की अनदेखी के बाद आई है। पाकिस्तान ने हरारे में आयोजित इस सीरीज में 2-0 से जीत दर्ज की थी।
मलिक ने पाकपैशन डॉट नेट से कहा, 'हमारे क्रिकेट में पसंद-नापसंद की एक प्रणाली है। यह ऐसा कुछ है जो बाकी दुनिया में भी मौजूद है, लेकिन हमारी संस्कृति में थोड़ा अधिक है। जिस दिन हमारे क्रिकेट सिस्टम में चीजें बदलेंगी और अधिक कौशल को महत्व दिया जाएगा तो चीजें सुधरेंगी। आज तो बस ताल्लुकात को तवज्जो दी जाती है।'
मलिक ने कहा कि चयन विशुद्ध रूप से योग्यता के आधार पर किया जाना चाहिए और कप्तान आजम को अपनी टीम चुनने की पूरी छूट मिलनी चाहिए। मलिक बोले, 'हालिया टीम में ऐसे कई खिलाड़ी थे जिन्हें बाबर चुनना चाहते थे, लेकिन उनका चयन नहीं किया गया था। सभी की अपनी राय है लेकिन चयन पर अंतिम निर्णय कप्तान का होना चाहिए क्योंकि यह वह है जो अपनी टीम के साथ मैदान पर लड़ेगा।’
Published on:
15 May 2021, 10:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.