
न्यूजीलैंड की महिला कि्रकेट टीम ने तोड़े सारे रिकाॅर्ड, रचा नया कीर्तिमान
नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में कब कौन सा रिकॉर्ड बन जाए कोई कह नहीं सकता? आज (शु्क्रवार) को न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के पहले मैच में आज न्यूजीलैंड टीम ने 50 ओवर में 490 रन बना डाले। बता दें कि यह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है।
सभी टीमों के सामने बड़ी चुनौती-
यदि किसी एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड की बात करें तो पुरुष क्रिकेट यह रिकार्ड इंग्लैंड के नाम है। इंग्लैंड ने 30 अगस्त 2016 को पाकिस्तान के खिलाफ नॉटिंघम में तीन विकेट के नुकसान पर 444 रनों का स्कोर बनाया था। महिला क्रिकेट को हमेशा पुरुष क्रिकेट के सामने उतनी तरजीह नहीं दी जाती। ऐसे में इस रिकॉर्ड को बना कर न्यूजीलैंड महिला टीम ने अन्य सभी टीमों के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
सुजी और मैडी ग्रीन ने लगाया शतक-
न्यूजीलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ खेले जा रहे वनडे मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट के नुकसान पर 490 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। कीवी टीम के लिए कप्तान सुजी बेट्स ने सबसे ज्यादा 151 रन बनाए। सुजी ने 94 गेंदों का सामना किया। इस पारी में सुजी ने 24 चौकों के अलावा दो गगनचुंबी छक्के लगाए। उनके अलावा मैडी ग्रीन ने 121 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 15 चौके और एक सिक्स लगाया। अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 77 गेंदें खेलीं। इन दोनों के अलावा जदेस वाकिसन ने 62 और अमेलिया केर ने 81 रनों की अर्धशतकीय पारियां खेलीं। दोनों नाबाद पवेलियन लौटी।
महिला क्रिेकेट के टॉप पांच बड़े स्कोर-
न्यूजीलैंड बनाम आयरलैंड- 490-4 (यह आज बना)
न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान- 455-5
आस्ट्रेलिया बनाम डेनमार्क- 412-3
आस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान- 397-4
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान- 378-5
पुरुष क्रिकेट के पांच बड़े स्कोर-
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान- 444-3
श्रीलंका बनाम नीदरलैंड- 443-9
दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज- 439-2
दक्षिण अफ्रीका बनाम आस्ट्रेलिया- 438-9
दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत- 438-4
Published on:
8 Jun 2018, 9:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.