
ON THIS DAY: 13 साल के लम्बे करियर में डिविलियर्स के साथ पहली बार हुआ था यह हादसा
नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डी विलियर्स के साथ एक साल पहले आज के ही दिन कुछ ऐसा हुआ था जोकि उनके 228 वन डे मैच के करियर में पहली दफा था। 2017 में ICC द्वारा आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज के ही दिन मैच था। इस मैच में एबी दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी कर रहे थे। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका को बारिश हो जाने के कारण डकवर्थ लुइस नियम के तहत 19 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में उस वख्त ऐसा कुछ खास हुआ जब इमाद वसीम, डी विलियर्स के खिलाफ पहली गेंद फेकने आए।
यह हुआ था
एबी डी विलियर्स ने अपना ODI पदार्पण फरवरी 2005 में किया था। 13 सालों से लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी एबी डी विलियर्स इस मैच में जब बल्लेबाजी करने उतरे तब उनकी टीम का स्कोर 61 रन पर दो विकेट था। इमाद वसीम गेंदबाजी पर थे, एबी पहली ही गेंद पर मोहम्मद हफीज को कैच देकर आउट हो गए थे। इससे पहले ऐसा कभी भी नहीं हुआ था कि एबी डी पहली गेंद पर आउट हुए हों। एबी के आउट होते ही दक्षिण अफ्रीका कि टीम मुश्किल में आ गई और टीम बड़ा स्कोर करने से चूक गई। एबी का यह ODI क्रिकेट में इकलौता गोल्डन डक है। उनका यह गोल्डन डक इस लिए खास हो जाता है क्योंकि वह अपनी बल्लेबाजी में निरंतरता के लिए जाने जाते हैं। वैसे बिना रन बनाए एबी ODI में 7 बार आउट हो चुके हैं, लेकिन पहली गेंद पर यह पहला वाकया था।
मिलर ने संभाली थी पारी
एबी के आउट हो जाने के बाद बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज डेविड मिलर ने दक्षिण अफ्रीका कि पारी को संभाला। उन्होंने नाबाद 75 रन की पारी खेली, उनके साथ क्रिस मोरिस ने 28 और कागिसो रबाडा ने 26 रनों की पारी खेल अपनी टीम को 219 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। पाकिस्तान के लिए हसन अली ने 3 विकेट झटके थे, उनके साथ इमाद वसीम और जुनैद खान ने दो-दो विकेट लिए थे।
पाकिस्तान ने डकवर्थ लुइस से जीता मैच
पाकिस्तान ने यह मैच डकवर्थ लुइस नियम के तहत 19 रनों से जीत लिया था। पाकिस्तान की बल्लेबाजी केवल 27 ओवरों के लिए हो पाई थी जिसमे उन्होंने 3 विकेट खोकर 119 रन बनाए थे। पाकिस्तान के लिए फकर जमान और बाबर आजम ने 31 रनों की पारी खेली थी, साथ ही शोएभ मालिक और मोहम्मद हफीज ने भी बल्ले से जरुरी योगदान दिया था। पाकिस्तान के तीनो विकेट मोर्ने मोर्केल के नाम रहे थे।
Published on:
7 Jun 2018, 2:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.