
अबुधाबी। शान मसूद (59), समी असलम (51) और अजहर अली (नाबाद 74) के शानदार अर्धशतकों की बदौलत पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन शनिवार को पहली पारी में चार विकेट पर 266 रन बना लिए। पाकिस्तान अभी श्रीलंका के स्कोर से 153 रन पीछे है और उसके छह विकेट शेष है। स्टंप्स के समय अजहर अली 74 रन बनाकर क्रीज पर थे। बाबर आजम (28) के आउट होते ही तीसरे दिन के स्टंप्स की घोषणा कर दी गई।
अजहर अली ने अपनी नाबाद पारी के दौरान 5000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी बना लिया। अजहर ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 5000 रन 115 पारियों में पूरे करने की उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में 5000 या उससे अधिक रन बनाने वाले पाकिस्तान के आठवें बल्लेबाज बन गए हैं। अजहर से पहले जावेद मियांदाद, यूनुस खान, मिस्बाह उल हक, इंजमाम उल हक, मोहम्मद यूसुफ, सलीम मलिक और जहीर अब्बास ये कारनामा कर चुके हैं। यूनुस खान 10099 रन बनाकर पाकिस्तान के लिए दस हजारी बल्लेबाजों की सूची में शामिल होने वाले इकलौते क्रिकेटर हैं। उनके अलावा मियांदाद ने 8832, इंजमाम ने 8829, मोहम्मद यूसुफ उर्फ यूसुफ योहाना ने 7530, सलीम मलिक ने 5768, जहीर अब्बास ने 5062 और मिस्बाह उल हक ने 5222 रन अपने टेस्ट करियर में बनाए थे। अजहर अली के बाद इस उपलब्धि को हासिल करने के सबसे करीब असद शफीक हैं, जो 57 टेस्ट मैच में 3470 रन बना चुके हैं।
शान मसूद ने 148 गेंदों में छह चौकों की मदद से 59, असमल ने 130 गेंदों में चार चौकों के सहारे 51 और अजहर अली ने 200 गेंदों पर नाबाद 74 में तीन चौके लगाए। इसके अलावा असद शफिक ने 119 गेंदों पर 39 रन में चार चौके जड़े। बाबर आजम ने 81 गेंदों पर 28 रन में दो चौके ठोके। श्रीलंका की तरफ से लेफ्ट आर्म स्पिनर रंगना हेरात ने 47 रन पर दो विकेट और नुवान फर्नाेंडो तथा दिलरुवान परेरा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
Published on:
30 Sep 2017, 9:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.