
एशिया कप की मेजबानी जाते देख बौराया पाकिस्तान, श्रीलंका के साथ सीरीज खेलने से किया इंकार।
PCB on Sri Lanka Series : एशिया कप 2023 को लेकर शुरू हुआ विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। पीसीबी ने पहले बीसीसीआई को धमकी दी थी कि अगर वह भारतीय टीम को एशिया कप खेलने पाकिस्तान के दौरे पर नहीं भेजगा तो पाकिस्तान की टीम को भी वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत के दौरे पर नहीं भेजा जाएगा। वहीं, अब एशिया कप की मेजबानी छिनती देख पीसीबी बौरा गया है। उसने अब श्रीलंका के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज खेलने से भी इंकार कर दिया है।
पीसीबी ने एशिया कप की मेजबानी को लेकर श्रीलंका की दिलचस्पी को देखते हुए उसके प्रति भी अपनी नाराजगी जताई है। इतना ही नहीं पीसीबी ने श्रीलंका में द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेलने के प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया है। पीसीबी के सूत्रों की मानें तो श्रीलंका ने एशिया कप की मेजबानी करने की इच्छा जाहिर की है। इस कारण इन दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के रिश्तों में खटास आ गई है।
जुलाई में है श्रीलंका का दौरा
पीसीबी से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पीसीबी ने श्रीलंका में अगले महीने वनडे सीरीज खेलने से इनकार कर दिया है। दरअसल, पाकिस्तान को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अगले सीजन के तहत जुलाई 2023 में श्रीलंका के खिलाफ उसकी सरजमीं पर दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इस दौरे पर श्रीलंका की ओर से पीसीबी के सामने वनडे सीरीज का प्रस्ताव भी रखा था।
यह भी पढ़ें :BCCI ने वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के कप्तान को लेकर लिया बड़ा फैसला
पीसीबी ने पहले ही कही थी विचार की बात
सूत्रों ने पुष्टि की है कि पीसीबी ने शुरू में ही श्रीलंका में वनडे सीरीज खेलने के प्रस्ताव पर विचार करने की बात कही थी। लेकिन, अब इस प्रस्ताव को नकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे साफ होता है कि पीसीबी एशिया कप की मेजबानी को लेकर श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की दिलचस्पी लेने से नाराज है।
यह भी पढ़ें : टीम इंडिया में वापसी को लेकर भावुक हुए रहाणे, बोले- बुरे वक्त पर मिला इनका साथ
Published on:
3 Jun 2023, 4:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.