
पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार की कार को कैंटर ने मारी जोरदार टक्कर, बेटा भी था कार में मौजूद।
Praveen Kumar Accident : पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार के साथ मेरठ में एक भीषण सड़क दुर्घटना घटी है। बताया जा रहा है कि उनकी कार को सामने से आ रहे एक कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। जिस समय ये हादसा हुआ उस समय प्रवीण कुमार और उनका बेटा कार के अंदर ही मौजूद थे। इस हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों को जब पता चला कि कार के अंदर पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार मौजूद हैं तो लोगों ने कैंटर ड्राइवर को दबोच लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कैंटर चालक को हिरासत में लिया।
दरअसल, प्रवीण कुमार बागपत रोड पर मुल्तान नगर में परिवार के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि प्रवीण कुमार रात करीब साढ़े 10 बजे अपनी डिफेंडर कार में सवार होकर बेटे के साथ निकले थे। पांडव नगर की ओर जाते समय कमिश्नर आवास के पास उनकी कार को सामने से आ रहे एक कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर से क्रिकेटर की गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
बाल बाल बचे पिता-पुत्र
हादसे के बाद देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कैंटर चालक को वहीं दबोच लिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस कैंटर चालक को हिरासत में थाने ले गई। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है, गनीमत है कि प्रवीण कुमार और उनके बेटे को गंभीर चोट नहीं लगी है। बताया जा रहा है कि दोनों सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़ें : ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने चुने पिछले 5 दशक के टॉप-5 बल्लेबाज
प्रवीण कुमार का क्रिकेट करियर
बता दें कि 36 वर्षीय प्रवीण कुमार ने टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट में खेले हैं। फिलहाल वह क्रिकेट से दूर हैंं। उन्होंने भारत के लिए 6 टेस्ट में 27, 68 वनडे मैचों में 77 और 10 टी20 मुकाबलों में 8 विकेट लिए हैं। प्रवीण कुमार ने 2007 में भारत के लिए डेब्यू किया था और अपना आखिरी मुकाबला 2012 में खेला था। इसके बाद से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें : एमएस धोनी ने सिक्योरिटी गार्ड को दी अपनी बाइक पर लिफ्ट, देखें वायरल वीडियो
Updated on:
5 Jul 2023, 1:19 PM IST
Published on:
5 Jul 2023, 9:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.