
Rahul Dravid on Virat Kohli : भारतीय टीम आज 12 जुलाई से वेस्टइंडीज दौरे की शुरुआत करने जा रही है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट आज से डोमिनिका के विंडसर पार्क में 16 जुलाई तक खेला जाएगा। भारतीय टीम ने इससे पहले वेस्टइंडीज का दौरा 12 साल पहले यानी 2011 में किया था। इन 12 साल में सभी चीजें बदल गई है, लेकिन नहीं बदली है तो विराट कोहली और राहुल द्रविड़ की जोड़ी। उस समय राहुल द्रविड़ अपने पीक पर थे तो कोहली टेस्ट क्रिकेट के शुरुआती दौर में थे। राहुल द्रविड़ को उसी समय पता था कि विराट कोहली में विशेष प्रतिभा है और उनका क्रिकेट करियर लंबा चलने वाला है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के पहले बीसीसीआई ने एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें मुख्य कोच द्रविड़ और कोहली ने 12 साल पहले खेले गए मैच की यादें ताजा की हैं। द्रविड़ ने कहा कि वह 2011 में वेस्टइंडीज के दौरे पर आए थे और अब अलग भूमिका में एक कोच के रूप में वापस आए हैं। विराट एकमात्र खिलाड़ी हैं, जो 2011 में और अब भी मेरे साथ आए हैं।
'मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि कोच बनकर लौटूंगा'
उन्होंने कहा कि मुझे याद है कि वह टीम इंडिया के साथ विराट कोहली की पहली टेस्ट सीरीज थी। जब वह एक युवा खिलाड़ी था। वह वनडे क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहा था और टेस्ट क्रिकेट में भी अपने पैर जमा रहा था। आप देख सकते थे कि उसमें एक विशेष प्रतिभा थी। आप यह भी देख सकते थे कि वह लंबे वक्त के लिए रहने वाला था। उन्होंने आगे कहा कि मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि कोचिंग करूंगा और सालों बाद यहां वापस आऊंगा। इस यात्रा में एक युवा खिलाड़ी को अनुभवी होते देखना अच्छा लगता है।
यह भी पढ़ें : भारत-वेस्टइंडीज के पहले टेस्ट में भारी बारिश की भविष्यवाणी, जानें मौसम का ताजा हाल
कोहली ने भी याद किए पुराने दिन
वहीं, विराट कोहली ने कहा कि वह बहुत भाग्यशाली हैं कि 2011 की टीम के उन दो प्लेयर्स में शामिल हैं, जो अब भी साथ हैं। कभी सोचा भी नहीं था कि वह वापस लौटेंगे, जहां से उन्होंने टेस्ट की शुरुआत की थी। कोहली ने कहा कि जब हम ड्रेसिंग रूम से हम अभ्यास करने गए तो मुझे अपनी पहली टेस्ट सीरीज याद आ गई। यही वह देश है, जहां से सब शुरू हुआ था।
यह भी पढ़ें :कोहली डोमिनिका में रचेंगे इतिहास, कोई भी एक्टिव बल्लेबाज नहीं बना सके ये महारिकॉर्ड
Published on:
12 Jul 2023, 6:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.