
अर्जुन तेंदुलकर के भारतीय टीम में चयन पर क्या बोले सचिन तेंदुलकर, पढ़ें यहां
नई दिल्ली। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को भारतीय अंडर 19 क्रिकेट टीम में शामिल किया जा चुका है। अर्जुन को अगले महीने श्रीलंका में होने वाले दो चार दिवसीय मैचों के लिए भारतीय जूनियर टीम में चयन किया गया है। ये पहला मौका है जब अर्जुन को भारतीय टीम में चयन किया गया है। बेटे के चयन पर सचिन तेंदुलकर ने खुशी जताई है। सचिन ने अर्जुन के चयन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हमें खुशी है कि अर्जुन को अंडर- 19 टीम में जगह मिली है। उसके क्रिकेट करियर में यह एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। अंजली (तेंडुलकर) और मैं हमेशा अर्जुन की पसंद का सपॉर्ट करते हैं और उसकी कामयाबी की दुआ करते हैं।
बतौर ऑल राउंडर टीम में खेलेंगे अर्जुन-
बता दें कि इस दौरे पर यदि अर्जुन को अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है तो वे टीम में बतौर ऑल राउंडर खेलेंगे। 18 वर्षीय अर्जुन का मुख्य हथियार तेज गेंदबाजी हैं। लेकिन इसके साथ-साथ अर्जुन निचले मध्यक्रम में उपयोगी बल्लेबाजी की भूमिका भी निभा सकते है। अर्जुन की लंबाई छह फीट एक इंच है। जो उनकी तेज गेंदबाजी को और धार देती है।
गुरुवार को हुआ था टीम का ऐलान-
भारतीय जूनियर टीम का ऐलान गुरुवार को बेंगलुरु में किया गया था। जूनियर टीम चयन समिति की बैठक में अगले महीने श्रीलंका में होने वाली सीरीज के लिए भारतीय अंडर 19 टीम का ऐलान किया गया था। चार दिवसीय मैचों के लिए घोषित टीम की कप्तानी अनुज रावत जबकि वनडे टीम की कप्तानी आर्यन जुयाल को दी गई है।
अब द्रविड़ से क्रिकेट सीखेंगे अर्जुन-
भारतीय अंडर 19 टीम में अर्जुन के चयन का मतलब है कि अब वे भारतीय अंडर 19 टीम के कोच राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में क्रिकेट का ककहारा सीखेंगे। बता दें कि पिछले साल राहुल द्रविड़ की कोचिंग में भारतीय अंडर 19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को मात देते हुए खिताब पर अपना कब्जा जमाया था।
Published on:
8 Jun 2018, 11:45 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.