
अमेरिका में रोहित को मिलेगा यह खास सम्मान, सचिन-धोनी-कोहली भी रहे हैं इससे अछूते
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा अमेरिका में बेसबाल क्लब सिएटल मैरिनर्स के लिए 'फर्स्ट पिच' करके लीग का औपचारिक शुरुआत करेंगे। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान रोहित पहले ऐसे क्रिकेटर होंगे जिन्हें अमेरिकी स्पोर्ट्स लीग में यह सम्मान प्राप्त होगा। लीग का उद्घाटन रविवार को किया जाएगा। रोहित इस समय अपनी पत्नी रितिका के साथ अमेरिका के तीन शहरों सेन फ्रांस्किो/बे एरिया, सिएटल और लॉस एंजेलिस के दौरे पर हैं। सलामी बल्लेबाल रोहित अमेरिका में अपनी यात्रा के दौरान क्रिकेट क्लीनिक सीरीज में हिस्सा लेंगे और प्रशंसकों से मिलेंगे।
रोहित बनेंगे वह खास व्यक्ति
मुंबई इंडियंस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार रोहित भारतीय समयानुसार रविवार रात एक बजे बेसबाल को पिच करके लीग का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के बाद सिएटल की भिड़ंत टेम्पा बे रेज से होगी। अमेरिका में यह परंपरा रही है कि लीग की शुरूआत करने के लिए किसी खास व्यक्ति या हस्ती को बेसबाल को फर्स्ट पिच करने का मौका दिया जाता है और इस बार यह मौका रोहित को दिया गया है जो इस समय अमेरिका के दौरे पर हैं।
IPL में रोहित का औसत प्रदर्शन रहा था
मुंबई इंडियंस कि कप्तानी करने वाले रोहित शर्मा का इस आईपीएल सत्र में प्रदर्शन औसत रहा था, जिस कारण उनकी टीम भी जूझती नजर आई। रोहित ने इस आईपीएल में 14 मैचों में 27 कि औसत से 286 रन बनाए थे। भारतीय टीम के हिटमैन केवल 2 अर्धशतक लगाने में कामयाब हुए थे। रोहित कि टीम मुंबई इंडियंस 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रही थी।
नहीं मिली टेस्ट टीम में जगह
रोहित शर्मा भारत के लिए सीमित ओवरों की टीम में रेगुलर मेम्बर हैं । रोहित को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। इसके साथ ही उन्हें इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज के लिए भी नजरअंदाज किया गया है। उनको इंग्लैंड व आयरलैंड दौरे पर सीमित ओवरों की टीम में जगह मिली है और वह टीम के उपकप्तान भी है।
Published on:
2 Jun 2018, 8:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.