30 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

IND vs WI 2nd ODI: शुभमन गिल के नाबाद दोहरे शतक से भारत ने दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया

कप्तान शुभमन गिल की रिकॉर्डतोड़ दोहरी शतकीय पारी की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज को दूसरे वनडे में 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। बारसापरा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने 406 रन के लक्ष्य को 43.3 ओवर में हासिल कर लिया।
2 min read
Google source verification
Shubman Gill during IND vs WI 2nd ODI.

भारतीय कप्तान शुभमन गिल (Photo- IANS)

India vs West Indies: कप्तान शुभमन गिल की रिकॉर्डतोड़ नाबाद दोहरी शतकीय पारी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को दूसरे वनडे में 8 विकेट से हरा दिया। बारसापरा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में भारत ने 406 रन का विशाल लक्ष्य महज 43.3 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

जॉन कैंपबेल, शाई होप और अमीर जांगू ने ठोके शतक

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 405 रन बनाए। टीम को 37 रन के स्कोर पर कीसी कार्टी के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद जॉन कैंपबेल और शाई होप ने मोर्चा संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 79 गेंदों में 110 रन जोड़े और स्कोर को 147 रन तक पहुंचाया।

कैंपबेल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 68 गेंदों पर 9 चौकों तथा 5 छक्कों की मदद से 101 रन की शतकीय पारी खेली। उनके पवेलियन लौटने के बाद शाई होप और अमीर जांगू ने पारी को गति दी। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 131 गेंदों में 182 रन की शानदार साझेदारी हुई, जिससे वेस्टइंडीज 300 रन के पार पहुंच गया।

शाई होप ने 94 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 104 रन बनाए। वहीं अमीर जांगू ने 77 गेंदों में 13 चौकों और 3 छक्कों के साथ 114 रन की तेजतर्रार पारी खेली। रोस्टन चेज 29 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की गेंदबाजी में गूरनूर बरार, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला।

गिल और रोहित ने लक्ष्य का पीछा किया आसान

406 रन के लक्ष्य के जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 158 गेंदों में 255 रन की साझेदारी कर भारत की जीत लगभग तय कर दी। रोहित ने 75 गेंदों में 10 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 101 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद गिल ने विराट कोहली के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 65 रन जोड़े।

इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने गिल का साथ संभाला और दोनों ने बिना कोई और विकेट गंवाए भारत को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। गिल ने 133 गेंदों में नाबाद 223 रन बनाकर वनडे क्रिकेट में अपना अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर दर्ज किया। उनकी शानदार पारी में 26 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। ऋतुराज गायकवाड़ ने भी नाबाद रहते हुए 37 गेंदों में 31 रन बनाए, जिसमें दो चौके शामिल थे।

वेस्टइंडीज की ओर से जेडेन सील्स और शमार जोसेफ को एक-एक विकेट मिला। भारत ने सीरीज के पहले वनडे में भी वेस्टइंडीज को 8 विकेट से मात दी थी। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा और अंतिम वनडे 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इसके बाद भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज होगी।