
IPL 2025 Playoff Qualification Scenario: जिस टीम से पिछले सीजन विरोधी टीम के गेंदबाजों के मन में दहशत पैदा कर दी थी, वो इस सीजन टुकड़ों में प्रदर्शन कर रहे हैं। जिस टीम ने आईपीएल 2024 का फाइनल खेला था, आज उन्हें प्लेऑफ्स में जगह बनाने के लिए सोचना पड़ रहा है। वो साल दूसरा था, ये साल दूसरा है। सनराइजर्स ने ऑक्शन में ज्यादा बदलाव नहीं किए थे लेकिन उनकी हालिया स्थिति काफी बदल गई है। पिछले सीजन अंक तालिका में हैदराबाद की टीम दूसरे स्थान पर रही थी और 14 मैच खेलकर सिर्फ 5 मैच गंवाए थे। इस सीजन अब तक 6 मैचों में ही वे 4 मैच हार चुके हैं। ऐसे में उनका अगले दौर में पहुंचना मुश्किल लग रहा है।
आईपीएल में 8 मैच जीतने के बाद आपके प्लेऑफ की टिकट लगभग कन्फर्म मानी जाती है। सनराइजर्स के पास अब सिर्फ 8 मैच बचे हैं और उन्हें अगले दौर में जगह पक्की करने के लिए कम से कम 6 मैच जीतने होंगे। जिस तरह से उनका प्रदर्शन इस सीजन रहा है, उसे देखते हुए ये काम आसान नहीं लगता है। हैदराबाद की टीम को मुंबई इंडियंस के साथ 2 मैच खेलने हैं, जो पिछले मैच में शानदार जीत के साथ पटरी पर लौट चुकी है। इसके बाद उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स से दो दो हाथ करना है।
सनराइजर्स के आखिरी तीन मैच कोलकाता नाइट राइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपरजायंट्स के साथ होंगे। ये तीनों टीमें इस सीजन प्लेऑफ्स की बड़ी दावेदारों में से एक हैं। अगर सनराइजर्स को प्लेऑफ्स में जगह बनानी है तो उन्हें अब कोई गलती नहीं करनी होगी। एक गलती उनपर भारी पड़ सकती है और टीम प्लेऑफ्स की रेस से बाहर हो सकती है। 8 में से 6 मैच जीतना नामुमकिन तो नहीं है लेकिन सनराइजर्स के प्रदर्शन को देखते हुए मुश्किल जरूर लग रहा है।
सनराइजर्स को न सिर्फ अपने प्रदर्शन में सुधार करने की जरूरत है, बल्कि इस सीजन जो प्लेऑफ की दावेदार टीमें हैं, उनके खराब प्रदर्शन की भी उम्मीद करनी होगी। क्योंकि अगले दौर में सिर्फ 4 टीमें पहुंचेंगी। फिलहाल, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स अगले दौर में पहुंचने की सबसे बड़ी दावेदार हैं। अब तक किसी भी टीम के अगले दौर में पहुंचने की उम्मीद खत्म नहीं हुई है लेकिन राह मुश्किल जरूर हुई है और उसी लिस्ट में हैदराबाद की टीम शामिल है।
Updated on:
15 Apr 2025, 8:18 PM IST
Published on:
15 Apr 2025, 8:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.