
लॉर्ड्स टेस्ट में बवाल, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से भिड़ंत के दौरान गालियां देने पर 3 सस्पेंड।
Ashes 2023 ENG vs AUS : पांच मैचों की एशेज सीरीज के तहत लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में विवाद बढ़ता ही जा रहा है। मैच के आखिरी दिन जॉनी बेयरस्टो के आउट देने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बेयरस्टो को आउट देने पर मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के कुछ सदस्यों की ओर से ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ियों को अपशब्द भी कहे गए। मैच के बाद उस्मान ख्वाजा ने बताया कि हमें गालियां दी गई हैं। एमसीसी ने जांच होने तक तीन सदस्यों को सस्पेंड भी कर दिया है। ज्ञात हो कि एमसीसी के पास लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड का मालिकाना हक है। ऑस्ट्रेलिया ने ये मुकाबला 43 रन से जीतते हुए 5 मैचों की सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है। अब वह एशेज जीतने के बेहद करीब है।
लॉर्ड्स टेस्ट के अंतिम दिन उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब जॉनी बेयरस्टो ने शॉट खेला और बैट क्रीज पर रखे बगैर साथी खिलाड़ी से बात करने आगे बढ़ गए। इसी का फायदा उठाते हुए विकेटकीपर एलेक्स केरी ने गेंद स्टंप पर मारी तो अंपायर ने बेयरस्टो को आउट दे दिया। इसे खेल भावना के विपरीत मानते हुए कप्तान बेन स्टोक्स ने कहा कि वह इस तरह से जीत नहीं चाहते। इंग्लैंड के कोच ब्रेंडन मैक्कुलम भी इससे नाखुश दिखे।
ख्वाजा और वॉर्नर भिड़े
आखिरी दिन पहले सेशन के बाद ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाड़ी जब पवेलियन लौट रहे थे तो एमसीसी के सदस्यों उन्हें अपशब्द कहे। इसका वीडियो वायरल भी हो रहा है, जिसमें उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर की अधिकारियों से जमकर बहस हो रही है। ख्वाजा ने बाद में कहा कि यह काफी निराशाजनक था। लॉर्ड्स उनकी पसंदीदा जगहों में से एक है। हमें यहां हमेशा सम्मान मिलता रहा है, लेकिन आज ऐसा नहीं था।
यह भी पढ़ें : ऋषभ पंत वापसी के तुरंत बाद नहीं कर पाएंगे विकेटकीपिंग, BCCI अधिकारी ने दी जानकारी
ख्वाजा बोले- अंपायर का निर्णय ही अंतिम
जॉनी बेयरस्टो के आउट होने को लेकर ख्वाजा ने कहा कि यह फैसला हमारे नहीं अंपायर के हाथ में था। अंपायर अगर डेड बॉल देते तो हम उस फैसले को भी मानते। जैसे मिचेल स्टार्क द्वारा बेन डकेट का कैच लेने पर थर्ड अंपायर ने नॉटआउट दिया था। उन्होंने कहा कि कई बार हम फैसले से असहमत होते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय अंपायर का ही होता है। बेयरस्टो के आउट होने पर स्टुअर्ट ब्रॉड भी काफी गुस्सा थे। उन्होंने इसे लेकर एलेक्स केरी पर भड़ास भी निकाली थी।
काफी गुस्से में नजर आए ब्रॉड
ख्वाजा ने मैच के बाद कहा कि वह स्टुअर्ट ब्रॉड को पसंद करते हैं। खेलते समय हमेशा ब्रॉड के चेहरे पर मुस्कान रहती है. लेकिन इस मैच के दौरान काफी गुस्से में थे। बता दें कि अब एशेज सीरीज का तीसरा टेस्ट 6 जुलाई से लीड्स में खेला जाएगा। इंग्लैंड टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने मैच के बाद कहा कि वह बाकी तीनों मैच को जीतकर सीरीज में वापसी करने का प्रयास करेंगे।
यह भी पढ़ें :भारत-पाकिस्तान के फैंस के लिए खुशखबरी, वर्ल्ड कप के लिए PCB ने उठाया ये कदम
Published on:
3 Jul 2023, 11:15 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.