
नई दिल्ली। क्रिकेट का सबसे लोकप्रिय प्रारूप है- टी-20, इसका महाकुंभ होता है- वर्ल्ड कप। वर्ल्ड कप में दुनिया की सभी दिग्गज टीमें एक-दूसरे के आमने-सामने होती है। इस टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन कर खिलाड़ी रातों रात स्टार बन जाते हैं। सबसे बड़ी बात यह होती है कि इस टूर्नामेंट से दुनिया को एक नया चैंपियन मिलता है। पूरे विश्व कप के दौरान क्रिकेट प्रेमियों का रोमांच चरम पर होता है। कुल मिला कर क्रिकेट के दिवानों के लिए ये एक उत्सव जैसा होता है। साल 2018 में होने वाले इस महाकुंभ का ऐलान कर दिया गया है।
वेस्ट इंडीज होगा मेजबान
इस साल होने वाले महिला टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के वेन्यू का एलान कर दिया गया है। इस साल वर्ल्ड कप की मेजबानी का मौका वेस्ट इंडीज को मिला है। जो कि गत विजेता है। बता दें कि पिछले विश्व कप में पुरूष और महिला दोनों वर्गों का चैंपियन वेस्ट इंडीज था। इस साल नौ से 24 नवंबर के बीच वेस्टइंडीज के एंटीगा और बारबुडा, गयाना और सेंट लूसिया में खेला जायेगा।
आईसीसी के सीईओ ने की पुष्टि
विश्व कप की मेजबानी के बारे में आईसीसी के मुख्य कार्यकारी डेविड रिचर्डसन ने कहा कि वेस्टइंडीज की टीम गत चैम्पियन है और मुझे इसमें कोई शक नहीं कि वे बेहतरीन मेजबान साबित होंगे। बता दें कि कैरेबियाई टीम साल 2007 के वर्ल्ड कप और 2010 टी-20 वर्ल्ड कप की सफल मेजबानी कर चुका है।
इन दिग्गजों के प्रदर्शन पर होगी नजर
वेस्टइंडीज के अलावा विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, भारत, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें शामिल होगी। बाकी दो जगह बांग्लादेश, नीदरलैंड, आयरलैंड, पापुआ न्यू गिनीय, स्काटलैंड, थाईलैंड, युगांडा या संयुक्त अरब अमीरात में से मिलेगी। ये सभी तीन से 14 जुलाई तक नीदरलैंड में टी-20 क्वालीफायर खेलेंगे।
मेजबान पर खिताब बरकरार रखने की चुनौती
मेजबान वेस्टइंडीज 2016 में ऑस्ट्रेलिया को हराकर चैंपियन बनी थी। इस साल अपने घरेलू मैदान पर खेल रही वेस्ट इंडीज के सामने खिताब बरकरार रखने की चुनौती होगी। पिछले साल आईसीसी टी-20 टीम की कप्तान चुनी गई स्टेफनी टेलर एक बार फिर वेस्टइंडीज की कमान संभाल सकती है।
Published on:
24 Jan 2018, 10:02 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.