
Mithali raj and Ramesh Powar
पूर्व स्पिनर रमेश पोवार को भरतीय महिला क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। बता दें कि रमेश पोवार को डब्ल्यूवी रमन की जगह यह जिम्मदारी सौंपी गई है। हालांकि रमेश पोवार इससे पहले भी टीम के साथ इस भूमिका में रह चुके हैं। लेकिन वर्ष 2018 में हुए टी20 वर्ल्ड कप के बाद टीम की सीनियर खिलाड़ी मिताली राज के साथ उनका विवाद हो गया था। इस विवाद के बाद रमेश पोवार को निलंबित कर दिया गया था। अब एक बार फिर से रमेश पोवार मुख्य कोच की जिम्मेदारी निभाएंगे।
8 उम्मीदवारों के साक्षात्कार के बाद चुना पोवार को
बता दें कि बीसीसीआई ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के पद के लिए विज्ञापन दिया था। बीसीसीआई को इस पद के लिए 35 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। पूर्व भारतीय खिलाड़ी मदन लाल की अगुआई वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने इस पद के लिए मौजूदा कोच डब्ल्यूवी रमन के अलावा 8 उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए। सभी साक्षात्कार के बाद समिति ने रमेश पोवार के नाम की सिफारिश की। बाद में गुरुवार को बीसीसीआई ने एक बयान जारी कर रमेश पोवार को भारतीय टीम (वरिष्ठ महिला) के प्रमुख कोच के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की।
मिताली राज ने लगाए थे पोवार पर ये आरोप
बता दें कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सीनियर खिलाड़ी मिताली राज ने रमेश पोवार पर हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टी20 टीम से इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप (2018) सेमीफाइनल से बाहर करने का आरोप लगाया था। मिताली ने बीसीसीआई को एक पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने लिखा कि पोवार ने उनके कॅरियर को खत्म करने और उन्हें अपमानित करने के लिए ऐसा किया। वहीं पोवार ने इस पर कहा था कि मिताली काफी नखरे दिखाती है और टीम में विवाद पैदा करती है। हालांकि पोवार को इसके बाद निलंबित कर दिया गया था। बता दें कि मुख्य कोच के पद की दौड में भारत के पूर्व विकेटकीपर अजय रात्रा और पूर्व मुख्य चयनकर्ता हेमलता काला सहित पांच महिला उम्मीदवार थे।
पोवार के सामने होगी ये चुनौती
बता दें कि इस साल मार्च में दक्षिण अफ्रीका की टीम के खिलाफ घरेलू मैदान पर वनडे और टी20 सीरीज में भारत को हार का सामना करना पड़ा। वहीं नए मुख्य कोच पोवार के लिए न्यूजीलैंड में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए टीम को जिताने की चुनौती होगी। वहीं इससे पहले टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी। यहां टीम को 16 जून से सात साल के बाद पहला टेस्ट मैच खेलना है। वहीं वर्ल्ड कप से पहले टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भी जाएगी।
Published on:
14 May 2021, 12:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.