scriptWorld Cup Final : सुपरओवर में टाई कराने के बाद भी हारा न्यूजीलैंड, इंग्लैंड बना पहली बार विश्व चैम्पियन | World cup final England vs New zealand live match update | Patrika News

World Cup Final : सुपरओवर में टाई कराने के बाद भी हारा न्यूजीलैंड, इंग्लैंड बना पहली बार विश्व चैम्पियन

locationनई दिल्लीPublished: Jul 15, 2019 09:46:22 am

Submitted by:

Mazkoor

World Cup final मैच का पहली बार सुपर ओवर से निकला नतीजा
मैन ऑफ द सीरीज न्यूजीलैंड के विलियमसन बने, मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड स्टोक्स को मिला

England won

लंदन :

आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 (ICC Cricket World Cup 2019) के फाइनल मैच जबरदस्त कांटे का रहा। आखिरी गेंद तक मैच में रोमांच बना रहा। यह तय करना मुश्किल था कि कौन-सी टीम विश्व विजेता बनेगी, लेकिन न्यूजीलैंड (New Zealand cricket team) दुर्भाग्यशाली रहा कि सुपर ओवर में इंग्लैंड (England cricket team) से मिले लक्ष्य की बराबरी करने के बावजूद वह विश्व चैम्पियन नहीं बन सका। उसके आड़े विश्व कप का नियम आ गया। विश्व कप के नियम के मुताबिक ऐसी स्थिति में उस टीम को विजेता घोषित कर दिया जाता है, जिसने ज्यादा बाउंड्री लगाई हो। चूंकि इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने ज्यादा बाउंड्री लगाई थी, इसलिए उसे विजेता घोषित कर दिया गया। इस तरह इंग्लैंड ने पहली बार विश्व कप पर कब्जा जमाया, जबकि लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची न्यूजीलैंड की टीम को इस बार भी निराश होना पड़ा।
इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 241 रन बनाकर इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 242 रनों का लक्ष्य रखा, लेकिन इंग्लैंड की टीम भी निर्धारित 50 ओवर में इतने ही रन बना सकी। उसकी पूरी टीम 241 रन पर आउट हो गई। इस तरह मैच सुपर ओवर में पहुंच गया। सुपर ओवर में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक ओवर में 15 रन बनाकर न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 16 रनों का लक्ष्य रखा, लेकिन इस बार न्यूजीलैंड भी इंग्लैंड के बराबर 15 रन ही बना सकी।
मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड बेन स्टोक्स को मिला तो मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को मिला।

स्टोक्स और बटलर ने इंग्लैंड के लिए खेली शानदार पारी

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने भी आज बेहतरीन गेंदबाजी का मुजाहिरा किया और इंग्लैंड के बल्लेबाजों को शुरू से ही खुलकर खेलने नहीं दिया। जेसन रॉय (17) और जोए रूट जल्दी-जल्दी आउट हो गए। इसके बाद जमने के बाद जॉनी बेयरस्टो (36) भी चलते बने। कप्तान इयॉन मोर्गन भी विकेट पर नहीं टिके और 23.1 ओवर में इंग्लैंड के चार मात्र 86 रन पर गिर चुके थे। ऐसे में यहां से बेन स्टोक्स (84 नाबाद) और जोस बटलर (59) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को संकट से निकानले की कोशिश की। लेकिन 44.5 ओवर में बटलर क्या आउट हुए, एक बार फिर इंग्लैंड के विकेटों की झड़ी लग गई। लेकिन एक तरफ से बेन स्टोक्स ने साहसिक पारी खेलकर इंग्लैंड को न्यूजीलैंड के स्कोर तक पहुंचा दिया। इंग्लैंड की पूरी टीम निर्धारित 50 ओवर में न्यूजीलैंड के बराबर 241 रन पर आल आउट हो गई और मैच सुपर ओवर में चला गया। इसके बाद सुपर ओवर में भी दोनों ट टीमें एक बराबर 15-15 रन ही बना सकीं। ऐसे में नियमों का सहारा इंग्लैंड को मिला। अपनी पारी के दौरान ज्यादा बाउंड्री लगाने के कारण उसे विजेता घोषित कर दिया गया।

इंग्लैंड की धारदार गेंदबाजी का सामना नहीं कर सके कीवी बल्लेबाज

इंग्लैंड की बेहतरीन गेंदबाजी के सामने कीवी टीम के बल्लेबाज सस्ते में आउट होते चले गए। क्रिस वोक्स ने मार्टिन गुप्टिल (19) को सस्ते में आउट कर दिया। इसके बाद इनफॉर्म बल्लेबाज और कप्तान केन विलियम्सन (30) निकोलस (55) के साथ टीम को सही रास्ते पर ले जा रहे थे। इन दोनों ने मिलकर 74 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को लियाम प्लंकेट ने विलियम्सन को आउट कर तोड़ा। इसके बाद निकोलस को भी चलता किया। इसके बाद रॉस टेलर 15 और जिम्मी नीशम 19 भी जल्दी आउट हो गए।
अंत में टॉम लाथम ने 56 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन बनाकर न्यूजीलैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
इंग्लैंड की ओर से लियाम प्लंकेट और क्रिस वोक्स ने तीन-तीन विकेट लिए। जोफरा आर्चर और मार्क वुड के हाथ एक-एक सफलता लगी।

सुपर ओवर लाइव अपडेट

न्यूजीलैंड की पारी
– स्ट्राइक पर पहली बार थे मार्टिन गुप्टिल। आखिरी गेंद पर उन्होंने एक रन लिया। दूसरे रन के प्रयास में रन आउट हो गए। इस तरह न्यूजीलैंड भी एक ओवर में 15 रन ही बना सका। ऐसे में विश्व कप के नियमों के मुताबिक ज्यादा बाउंड्री लगाने के कारण इंग्लैंड को विजेता घोषित कर दिया गया।

– पांचवीं गेंद पर नीशाम ने एक रन लिया।

– चौथी गेंद पर नीशाम ने एक बार फिर दो रन लिए।

– तीसरी गेंद पर जेसन रॉय से मिड विकेट पर मिसफील्ड हुआ और नीशाम ने दो रन ले लिए।

– दूसरी गेंद को नीशाम ने सिक्स के लिए बाहर भेजा।

– पहली गेंद आर्चर ने दोबारा फेंकी। नीशाम ने दो रन लिए।

– आर्चर की पहली गेंद वाइड और न्यूजीलैंड को एक रन मिला।

– न्यूजीलैंड की तरफ से मार्टिन गुप्टिल और जिमी नीशाम बल्लेबाजी के लिए उतरे। इंग्लैंड से आक्रमण की बागडोर जोफरा आर्चर ने संभाली।

इंग्लैंड की पारी

– छठी गेंद को बटलर ने चौके के लिए भेजा। इस तरह इंग्लैंड का स्कोर एक ओवर में 15 रन और न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए रखा एक ओवर में 16 रनों का लक्ष्य।

– पांचवीं गेंद पर बटलर ने दो रन लिए।

– चौथी गेंद पर स्टोक्स ने एक रन लिया।

– तीसरी गेंद पर स्टोक्स ने चौका मारा।

– दूसरी गेंद पर बटलर ने एक रन लिया।

– पहली गेंद पर स्टोक्स ने तीन रन लिए।

– इंग्लैंड की ओर से बेन स्टोक्स और जोस बटलर बल्लेबाजी के लिए आए। गेंदबाजी पर ट्रेंट बोल्ट हैं।

ऐसा रहा आखिरी ओवर

आखिरी ओवर काफी नाटकीय रहा। पहले गेंद पर कोई रन नहीं बना। दूसरी गेंद पर भी कोई रन नहीं। तीसरी गेंद पर सिक्स। चौथी गेंद पर इंग्लैंड ने दो रन लिए और गेंद ओवर थ्रो होकर बाउंड्री के बाहर चली गई। इसके बाद पांचवीं गेंद पर दो रन के प्रयास में आदिल रशीद आउट। एक रन मिला। आखिरी गेंद पर भी दो रन की कोशिश। एक रन बना और दूसरे रन के प्रयास में मार्क वुड आउट। इस तरह से मैच टाई हो गया और सुपर ओवर में पहुंच गया।

लाइव अपडेट

इंग्लैंड की पारी

– इंग्लैंड की पूरी टीम न्यूजीलैंड के बराबर 241 रन बनाकर आउट हो गई। इस तरह मैच सुपर ओवर में पहुंच गया।

– बटलर के आउट होने के बाद न्यूजीलैंड ने एक और विकेट खोया। छठे विकेट के रूप में वोक्स आउट हुए। नए बल्लेबाज हैं लियाम प्लंकेट। इंग्लैंड का स्कोर 47 ओवर में छह विकेट पर 208 रन।

– ऐसा लग रहा था कि मैच इंग्लैंड की तरफ झुकता जा रहा है, तभी 59 रन बनाकर जोस बटलर आउट हो गए। उन्होंने 60 गेंद पर छह चौके लगाए। नए बल्लेबाज हैं क्रिस वोक्स। इंग्लैंड का स्कोर 45 ओवर में पांच विकेट पर 196 रन। स्टोक्स 51 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

– मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने आए जोस बटलर ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद इसी ओवर में बेन स्टोक्स ने भी अपना अर्धशतक पूरा कियाञ इंग्लैंड का स्कोर 44 ओवर में चार विकेट पर 189 रन। स्टोक्स- 50, बटलर- 53 रन पर।

– जोस बटलर और बेन स्टोक्स की निगाहें जम चुकी है और ये दोनों धीरे-धीरे इंग्लैंड को जीत की तरफ ले जाने में लगे हैं। इंग्लैंड का स्कोर 39 ओवर में चार विकेट पर 162 रन। स्टोक्स- 41, बटलर- 36 रन पर।

– जोस बटलर और बेन स्टोक्स के बीच अर्धशतकीय साझेदारी। ये दोनों इंग्लैंड को मैच में वापस लेकर आए। इंग्लैंड का स्कोर 34 ओवर में चार विकेट पर 137 रन। स्टोक्स- 29, बटलर- 23 रन पर।

– 28वें ओवर में इंग्लैंड की पारी के 100 रन पूरे। बेन स्टोक्स और जोस बटलर क्रीज पर मौजूद हैं।

– लॉकी फर्ग्यूसन ने शानदार कैच पकड़कर कप्तान इयॉन मोर्गन की पारी का अंत कर दिया। उन्होंने सिर्फ सात रन बनाए थे। नए बल्लेबाज क्रीज पर जोस बटलर आए हैं। इंग्लैंड का स्कोर 24 ओवर में चार विकेट पर 89 रन।

– इंग्लैंड का तीसरा विकेट गिरा। 36 रन बनाकर जॉनी बेयरस्टो आउट। उन्होंने अपनी 55 गेंद की पारी में सात चौके लगाए। नए बल्लेबाज बेन स्टोक्स हैं। इंग्लैंड का स्कोर 20 ओवर तीन विकेट के नुकसान पर 73 रन।

– न्यूजीलैंड के कप्तान ने आश्चर्यजनक फैसला लेते हुए पहले बदलाव के रूप में कोलिन डी ग्रैंडहोम को गेंद पकड़ा दी थी और उन्होंने कप्तान को निराश नहीं किया। अपने चौथे ओवर में जोए रूट को सात रन पर आउट कर दिया। इस तरह इंग्लैंड ने अपना दूसरा विकेट खोया। बल्लेबाजी के लिए कप्तान इयान मॉर्गन आए। इंग्लैंड का स्कोर 17 ओवर में दो विकेट पर 60 रन। बेयरस्टो 32 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

– 14 ओवर में इंग्लैंड की पारी के 51 रन बने हैं। बेयरस्टो- 29, रूट- 3 रन पर।

– जेसन रॉय के आउट होने के बाद जॉनी बेयरस्टो और जोए रूट इंग्लैंड की पारी संभालने में जुटे। इंग्लैंड का स्कोर 13 ओवर में एक विकेट पर 42 रन। बेयरस्टो- 19, रूट- 3 रन पर।

– न्यूजीलैंड को पहली कामयाबी मैट हेनरी ने दिलाई। 17 रन पर जेसन रॉय को पैवेलियन भेजा। नए बल्लेबाज जोए रूट आए हैं। इंग्लैंड का स्कोर छह ओवर में एक विकेट पर 28 रन।

– इंग्लैंड की सतर्क शुरुआत। टीम ने पांच ओवर में बिना विकेट खोए 24 रन बनाए।

– पहली गेंद पर बोल्ट ने जेसन रॉय के खिलाफ एलबीडब्लू की अपील की, लेकिन अंपायर का फैसला नॉट आउट। डीआरएस पर भी फैसला बल्लेबाज के पक्ष में। रॉय बाल-बाल बचे।

– इंग्लैंड की पारी शुरू। क्रीज पर जेसन रॉय और जानी बेयरस्टो उतरे।

न्यूजीलैंड की पारी

– निर्धारित 50 ओवर में न्यूजीलैंड ने आठ विकेट पर 241 रन बनाए।

– न्यूजीलैंड का सातवां विकेट गिरा। 47 रन बनाकर टॉम लाथम आउट। उन्होंने 56 गेंद पर दो चौके और एक सिक्स लगाए।

– न्यूजीलैंड को छठा झटका। कोलिन डी ग्रैंडहोम 16 रन बनाकर आउट। न्यूजीलैंड 47 ओवर में छह विकेट पर 220 रन। लाथम 43 रन बनाकर खेल रहे हैं। नए बल्लेबाज सेंटनर आए हैं।

– लाथम और ग्रैंडहोम ने मिकर न्यूजीलैंड की पारी को 200 के पार पहुंचाया। न्यूजीलैंड का स्कोर 44 ओवर में पांच विकेट पर 204 रन।

– न्यूजीलैंड को पांचवां झटका लगा है। 19 रन बनाकर जिमी निशाम आउट हो गए। टीम का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 173 रन। लाथम 23 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

– न्यूजीलैंड ने 35 ओवर में चार विकेट खोकर अपने 150 रन पूरे कर लिए।

– न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ीं। चौथे विकेट के रूप में रॉस टेलर भी हुए आउट। नए बल्लेबाज जिमी नीशाम क्रीज पर आए हैं। टीम का स्कोर 33 ओवर में चार विकेट पर 139 रन।

– केन विलियमसन बतौर कप्तान विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस विश्व कप में 578 रन बनाए हैं।

– न्यूजीलैंड की ओर से जमकर बल्लेबाजी कर रहे हेनरी निकोलस अर्धशतक जमाने के बाद ज्यादा देर तक नहीं रुके और प्लंकेट की गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 77 गेंद पर चार चौके की मदद से 55 रन बनाए। बल्लेबाजी करने नए बल्लेबाज टॉम लाथम आए हैं। न्यूजीलैंड का स्कोर 27 ओवर में तीन विकेट पर 118 रन।

– न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा है। शानदार फॉर्म में चल रहे कीवी कप्तान केन विलियमसन 30 रन पर आउट हो गए। इनका विकेट लियाम प्लंकेट ने लिया। नए बल्लेबाज रॉस टेलर क्रीज पर आए हैं। टीम का स्कोर 23 ओवर में दो विकेट पर 103 रन। निकोलस 46 रन बनाकर खेल रहे हैं।

– न्यूजीलैंड की पारी के सौ रन पूरे हुए। टीम का स्कोर 22 ओवर में एक विकेट पर 102 रन। निकोलस- 45, विलयमसन- 30 रन पर।

– निकोलस और विलियमसन के बीच 250 रनों की साझेदारी पूरी। न्यूजीलैंड का स्कोर 19 ओवर में एक विकेट पर 84 रन। निकोलस- 40, विलयमसन- 14 रन पर।

– गुप्टिल के आउट होने के बाद निकोलस और विलियमसन काफी धीमी बल्लेबाजी कर रहे हैं। 14 ओवर में न्यूजीलैंड के पचास रन पूरे हुए। निकोलस- 27, विलियमसन- 4 रन पर।

– न्यूजीलैंड के ओपनर पहली बार लय में नजर आ रहे थे, लेकिन जमने के बाद 19 रन बनाकर मार्टिन गुप्टिल आउट होकर पैवेलियन लौट गए। निकोलस का साथ देने क्रीज पर नए बल्लेबाज न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन आए हैं। न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर सात ओवर में 29 रन।

– न्यूजीलैंड को इस विश्व कप में पहली बार अपने ओपनरों से ठोस शुरुआत मिली है। इन दोनों ने मिलकर पहले पांच ओवर में बिना नुकसान के 24 रन बना लिए हैं।

– न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी शुरू। निकोलस और मार्टिन गुप्टिल क्रीज पर। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत क्रिस वोक्स ने की।

– न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया।

 

एबी डिविलियर्स के समर्थन में उतरे युवराज सिंह और विराट कोहली

दोनों टीमें :

इंग्लैंड : जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जोस बटलर (विकेटकीपर), इयोन मोर्गन (कप्तान), जोए रूट, बेन स्टोक्स, क्रिस वोक्स, लियाम प्लंकेट, जोफरा आर्चर, आदिल राशिद और मार्क वुड।

न्यूजीलैंड : मार्टिन गुप्टिल, हेनरी निकोलस, केन विलियमसन (कप्तान), रॉस टेलर, टॉम लाथम (विकेटकीपर), जिमी नीशाम, कोलिन डी ग्रैंडहोम, मिशेल सैंटनर, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी और ट्रेंट बोल्ट।

ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को देखकर आती है एंड्यू फ्लिंटॉफ की याद

 

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो