
Matheran Hill Station : महाराष्ट्र से दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। माथेरान हिल स्टेशन पर एक दुखद घटना सामने आई है। रत्नागिरी के राजापुर से आये पति-पत्नी ने कथित तौर पर शेयर बाजार में नुकसान होने के चलते घाटी में कूदकर जान दे दी।
पुलिस ने बताया कि माथेरान हिल स्टेशन घूमने आए दंपत्ति का शव मिल गया है। खोजी दल को माथेरान की एक गहरी घाटी लायंस पॉइंट (Lion's Point) में दोनों के शव मिले। लायंस पॉइंट माथेरान हिल स्टेशन के सबसे प्रसिद्ध स्थानों में से एक लुइसा पॉइंट (Louisa Point) के करीब है।
बचावकर्मियों की टीम सोमवार दोपहर को पति-पत्नी के शवों को निकालने के लिए माथेरान हिल स्टेशन के लुइसा पॉइंट से 500 फीट से अधिक गहराई में उतरी।
पुलिस को संदेह है कि रत्नागिरी जिले के राजापुर तालुका के पार्थ भोगटे (46 वर्ष) और उनकी पत्नी श्रीलक्ष्मी भोगटे (46 वर्ष) ने गहरी घाटी में कूदकर आत्महत्या की है। हालांकि माथेरान पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
रविवार को पार्थ के छोटे भाई रुद्राक्ष भोगटे ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दंपति को शेयर ट्रेडिंग में बड़ा घाटा हुआ था और संभवतः इसके कारण उन्होंने आत्महत्या की। हालांकि पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही हैं। इसके आधार पर मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी।
दंपति ने 11 जुलाई को माथेरान के एक होटल में चेक इन किया था। वे शाम को घूमने निकले थे, लेकिन अगले दिन तक वापस नहीं लौटे। जिसके बाद होटल ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मामले की छानबीन के दौरान दोनों एक सीसीटीवी फुटेज में दिखे। उनका आखिरी लोकेशन भी लुइसा पॉइंट था।
इस बीच, 14 जुलाई को पार्थ के छोटे भाई रुद्राक्ष माथेरान पहुंचे। उन्होंने माथेरान थाने में भाई, भाभी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दी। पुलिस ने दंपत्ति की तलाश तेज कर दी। इस बीच, बचाव दल को सोमवार (15 जुलाई) को लुइसा पॉइंट के पास जोड़े के शव मिले। आख़िरकार 16 जुलाई को रात 2 बजे शव को घाटी से बाहर निकालने में कामयाबी मिली।
रेस्क्यू अभियान के लिए 15 लोगों की टीम बनायीं गई थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पति-पत्नी ने आत्महत्या की है या उनके साथ कोई हादसा हुआ है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना बाकी है।
Updated on:
18 Jul 2024, 10:27 AM IST
Published on:
18 Jul 2024, 10:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.