
दुष्कर्म का दोषी पैरोल पर आया था बाहर, फिर किया एक और लड़की को अगवा
राजकोट। दुष्कर्म के एक मामले में उम्रकैद की सजा पा चुके एक शख्स ने पैरोल पर जेल से बाहर आते ही एक और लड़की को अगवा कर लिया है। आरोपी धवल त्रिवेदी एक स्कूल टीचर है जिसे इसी साल 23 मार्च को दुष्कर्म के एक मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। गुमशुदा लड़की के पिता ने पुलिस में शिकायत दी है कि धवल ने उनकी बेटी का बहला-फुसलाकर अपहरण किया है।
12 अगस्त को खत्म हो रही थी पैरोल
धवल की परोल 12 अगस्त को खत्म हो रही थी मगर वह ठीक एक दिन पहले 11 अगस्त को लड़की के साथ कहीं गायब हो गया। उसे 28 जुलाई को 15 दिन की परोल मिली थी। गौरतलब है कि परोल पर बाहर आने के बाद धवल की मुलाकात जयदीप धांधल ने हुई थी। जयदीप हाल ही में एक हत्या के प्रयास के मुकदमे में जेल से जमानत पर बाहर आया था और एक किराए के मकान में इंग्लिश स्पीकिंग क्लास शुरू की थी। धवल ने यहां खुद को 'धर्मेंद्र सर' बताकर क्लास लेना शुरू किया था। गुमशुदा लड़की इसी कोचिंग क्लास में आती थी जहां उसकी मुलाकात धवल से हुई थी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा धवल
लड़की के पिता ने 15 अगस्त को पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो पता चला कि धर्मेंद्र सर ही धवल त्रिवेदी है। बैच में गुमशुदा लड़की के अलावा नौ लड़कियां थीं। पुलिस के अनुसार धवल अकसर इस लड़की को एक घंटे पहले पढ़ने के लिए बुलाता था और इस दौरान ही उसने उसका अपहरण किया होगा। धवल को इससे पहले 14 जुलाई 2014 को पंजाब से गिरफ्तार किया था। उस पर साल 2012 में 11वीं क्लास की एक लड़की के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप था।
Published on:
17 Aug 2018, 11:32 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.