
दमोह. बहुचर्चित देवेन्द्र चौरसिया हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट से मिली फटकार के बाद फरार चल रहे बसपा विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। गोविंद सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और गोविंद सिंह पर 30 हजार रुपए का ईनाम भी घोषित किया गया है। बसपा विधायक रामबाई की बेटी को भी पूछताछ के लिए पुलिस ने शाम 6 बजे बुलाया है और उससे ठीक पहले बड़ी संख्या में प्रशासनिक अमला बसपा विधायक रामबाई के घर पहुंचा है जहां उनके मकान की नपती की जा रही है।
देखें वीडियो-
गोविंद सिंह की बेटी से पूछताछ करेगी पुलिस
बुधवार दोपहर की भारी संख्या में पुलिसबल और प्रशासनिक अमला जेसीबी लेकर बसपा विधायक रामबाई के घर पहुंचा। यहां पुलिस ने हत्याकांड में फरार चल रहे रामबाई के पति गोविंद सिंह की बेटी से पूछताछ करने की लिखित सूचना भी दी और बसपा विधायक रामबाई से एक नोटिस भी तामील कराया। गोविंद सिंह की बेटी को पुलिस ने शाम 6 बजे पूछताछ के लिए बुलाया है। बता दें कि रामबाई की बेटी दिल्ली के बाजीराव इंस्टीट्यूट में आईएएस की तैयारी कर रही है। जिससे पुलिस फरार पिता के बारे में पूछताछ करेगी।
सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद एक्शन में आया प्रशासन
बता दें कि बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट ने देवेन्द्र चौरसिया हत्याकांड के आरोपी गोविंद सिंह के फरार चलने पर मध्यप्रदेश सरकार और प्रशासन को जमकर फटकार लगाई थी। जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ और जस्टिस एमआर शाह ने गोविंद सिंह की गिरफ्तारी न होने पर हैरानी जताते हुए ये तक कहा था कि मध्यप्रदेश में जंगलराज चल रहा है और प्रदेश सरकार को ये मान लेना चाहिए कि वो संविधान के अनुसार प्रदेश को नहीं चला पा रही है। इतना ही नहीं सुप्रीम कोर्ट ने डीजीपी को गोविंद सिंह की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे जिसके बाद से लगातार गोविंद सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
देखें वीडियो-
Published on:
17 Mar 2021, 4:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.