
दमोह/ पथरिया. दमोह जिले के पथरिया थाना इलाके में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। घटना बोबई गांव की है जहां रहने वाले एक शख्स ने गुस्से में आकर अपने ही बेटे का हाथ कुल्हाड़ी से काट डाला। सनकी पिता बेटे का कटा हाथ और कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। थाने में कटा हुआ हाथ लेकर पहुंचे पिता को देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। दूसरी तरफ घायल बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
बाइक मांगने पर हुआ था विवाद
बेटे का हाथ काटने वाले शख्स का नाम मोतीलाल बताया गया है जिसके दो बेटे हैं जिनमें से छोटे बेटे संतोष का उसने हाथ काटा है। घायल संतोष की पत्नी यशोदा ने पुलिस को बताया है कि उसके ससुर मोतीलाल ने पति संतोष से बाइक की चाबी मांगी थी और जब पति संतोष ने गाड़ी की चाबी देने से मना किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी विवाद के दौरान ससुर मोतीलाल ने बड़े बेटे रामकिशन को बुलाया और संतोष का हाथ पटिया पर रखकर कुल्हाड़ी से काट दिया।
कटा हाथ देखकर पुलिस सकते में पड़ गई
आरोपी मोतीलाल घर से पैदल मुख्य मार्ग से होते हुए बेटे का कटा हुआ हाथ और खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर सीधा पुलिस चौकी पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस मोतीलाल के हाथ में कटा हुआ हाथ देखकर हैरान रह गई और उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी के द्वारा घटना के बारे में बताए जाने के बाद पुलिस तुरंत मौका स्थल के लिए रवाना हुई और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कटा हुआ हाथ प्लास्टिक पॉलीथिन में रखकर घटना के दो घंटे बाद स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। घायल का उपचार करने वाले डॉक्टर का कहना था कि समय पर हाथ मिल जाए, तो सर्जरी कर हाथ को जोडऩे का प्रयास किया जा सकता था।
Published on:
4 Aug 2022, 7:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.