
Dausa Crime News: दौसा। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-21 पर धूलकोट के सीकरी गांव के बीच सड़क किनारे एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर एमओबी व एफएसएल टीमों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। इस संबंध में महिला के भाई ने जीजा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे फोन कर बताया कि मुकेश शर्मा निवासी अलवर ने अपनी पत्नी प्रियंका शर्मा की रविवार रात करीब आठ नौ बजे के बीच गला दबाकर शव को सिकंदरा से बालाजी की ओर सात किलोमीटर दूर पटक कर वापस दिल्ली आकर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया है।
थाना पुलिस ने सिकंदरा से बालाजी तक सर्च अभियान चलाया। धूलकोट सीकरी के बीच सड़क किनारे पटरी से नीचे महिला का शव पड़ा मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची एमओबी व एफएसएल टीमों ने महिला के शव को देखा तो उसके गले में दुपट्टा व निशान भी मिला। पुलिस टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों के सामने महिला के शव को सिकराय मोर्चरी में रखवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में महिला के भाई अभिषेक शर्मा ने जीजा मुकेश शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दिल्ली के लिए रवाना कर दी है। महिला के पर्स में करीब 650 रूपए व पैन, पानी की बोतल सहित अन्य सामान मिला है।
पुलिस ने बताया कि पति मुकेश शर्मा अपनी पत्नी प्रियंका शर्मा के साथ बस से मेहंदीपुर बालाजी दर्शन के लिए आए थे। रात करीब आठ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग संया-21 पर धूलकोट गांव के समीप एक होटल पर खाना खाने के लिए उतर गए। जहां किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। उसके बाद होटल से कुछ दूरी पर महिला का दुपट्टा से गला घोटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद पति ने वापस दिल्ली पहुंचकर वहां पर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया।
यह भी पढ़ें
Updated on:
25 Feb 2025 12:15 pm
Published on:
25 Feb 2025 12:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
