7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Election: राजस्थान की इस हॉट सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर, 2 उम्मीदवारों पर हो चुका है हमला

हॉट सीट महुवा पर कांग्रेस ने निर्दलीय विधायक ओमप्रकाश हुड़ला को टिकट दिया है तो भाजपा से फिर राजेन्द्र मीना मैदान में हैं। दोनों के बीच कड़ी टक्कर हो रही है।

2 min read
Google source verification

दौसा

image

Santosh Trivedi

Nov 22, 2023

bjp_and_congress.jpg

मतदान में भले ही तीन दिन शेष हैं, लेकिन अब तक दौसा जिले की एक भी सीट ऐसी नहीं है कि जिस पर प्रमुख दल जीत के प्रति आश्वस्त हों। कहीं प्रतिदिन समीकरण बदल रहे हैं तो कहीं निर्दलीय व दूसरे दल के प्रत्याशियों ने जीत का गणित ही बिगाड़ दिया। कई सीटों पर तो भितरघात का भी डर बना हुआ है। वहीं जातिवाद का जोर भी खूब चल रहा है। यही वजह है कि दौसा जिले की हर सीट पर कड़ा मुकाबला है।


ऐसे में पार्टी प्रत्याशियों को कोर वोट से ही सहारा है। मतदाताओं को रिझाने के लिए बड़े नेताओं को बुलाया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न समाजों के नेताओं को लाकर माहौल बनाने की कोशिश हो रही है। बुधवार को जिला मुख्यालय पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सभा को संबोधित करेंगे, यह सीट अभी कांग्रेस के पास हैं।


वहीं, कांग्रेस की ओर से जिले में राहुल व प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट आदि नेता सभा कर चुके हैं। गौरतलब है कि गत चुनाव में जिले की पांच में से चार सीट कांग्रेस और एक निर्दलीय ने जीती थी, लेकिन इस बार भाजपा पुरजोर वापसी के प्रयास में है।


टोलियां भी सक्रिय:
अब गांववार और शहरों में वार्डवार कार्यकर्ताओं की टोलियां भी सक्रिय हो गई है। घर-घर पहुंचकर मतदाता पर्ची वितरण शुरू कर दिया है। साथ ही वोट की गुहार भी की जा रही है। वहीं महिला कार्यकर्ताओं व प्रत्याशियों के परिजन भी मैदान में पूरी तरह सक्रिय हैं।


हर सीट पर अलग-अलग समीकरण

दौसा: विधायक व राज्यमंत्री मुरारीलाल मीना को कांग्रेस ने फिर मैदान में उतारा है। भाजपा ने भी तीसरी बार शंकरलाल शर्मा को टिकट दिया है। गुर्जर, माली व एससी मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। कांग्रेस के बागी से भाजपा को आस है। वहीं कांग्रेस विकास कार्य गिना रही है।


बांदीकुई: भाजपा ने गत चुनाव बसपा से लडऩे वाले भागचंद टांकड़ा को टिकट दिया है तो कांग्रेस ने फिर से विधायक गजराज खटाणा को मैदान में उतारा है। यहां सामान्य व एससी-एसटी के मतदाता चुनाव परिणाम तय करेंगे।


सिकराय: एससी आरक्षित इस सीट पर भाजपा से एक बार फिर विक्रम बंशीवाल और कांग्रेस से ममता भूपेश मैदान में हैं। दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। यहां गुर्जर व माली के अलावा मुख्यत: एसटी वर्ग निर्णायक भूमिका में है।


लालसोट: यहां से कांग्रेस उम्मीदवार परसादीलाल मीना नवीं बार चुनाव मैदान में हैं तो भाजपा ने पिछली बार करीबी हार झेलने वाले रामबिलास मीना को फिर टिकट दिया है। एसटी आरक्षित इस सीट पर अन्य जातियों के मतदाता निर्णायक रहेंगे।


महुवा: जिले की हॉट सीट महुवा पर कांग्रेस ने निर्दलीय विधायक ओमप्रकाश हुड़ला को टिकट दिया है तो भाजपा से फिर राजेन्द्र मीना मैदान में हैं। दोनों के बीच कड़ी टक्कर हो रही है। यहां जमकर खेमाबंदी व जातीय गोलबंदी हो रही है। दो प्रत्याशियों पर हमले की घटना भी हो चुकी है। अन्य प्रत्याशियों की भूमिका भी दिलचस्प है। अधिकतर प्रत्याशियों ने ग्रामीण इलाकों में प्रचार का एक दौर पूरा कर लिया है। अब प्रत्याशी शहरी क्षेत्रों या बड़े कस्बों में जा रहे हैं, लेकिन शाम से देर रात तक प्रभावशाली लोगों से मिलकर बड़ी संख्या में वोटों की सेंधमारी का प्रयास कर रहे हैं। रूठे हुए लोगों को मनाने की भरसक कोशिश हो रही है।

यह भी पढ़ें : राजस्थान में भाजपा की सरकार आई तो CM कौन बनेगा?

यह भी पढ़ें : राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले एक और उम्मीदवार का निधन, क्या चुनाव होगा स्थगित?