
पौड़ी में दर्दनाक हादसा (फोटो एएनआई)
Uttarakhand Road Car Accident: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर सबदरखाल के पास एक बोलेरो कार बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में हरिद्वार जिले के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और एक व्यक्ति अभी भी लापता है।
पुलिस के अनुसार, कार देवप्रयाग से पौड़ी की ओर आ रही थी। सबदरखाल के पास अचानक वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। थाना देवप्रयाग को 112 पर जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी बुलाया गया।
एसडीआरएफ की टीम ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कार में सवार छह लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। घायल व्यक्ति को पहले बागी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताए जाने पर श्रीनगर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल 16 वर्षीय युवक अरम है।
एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि सभी मृतक हरिद्वार जिले के लक्सर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। बोलेरो में कुल सात लोग सवार थे। मृतकों में अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49 वर्ष), गुफरान पुत्र अकबर (34 वर्ष), सब्बू पत्नी अफजाल (40 वर्ष), अनामिया पुत्री अफजाल (तीन वर्ष) और शादाब पुत्र अफजाल (14 वर्ष) शामिल हैं। एक व्यक्ति अभी भी लापता है। एसडीआरएफ की टीम निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है।
हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और एसडीआरएफ आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं। परिवार के सदस्य हरिद्वार से मौके पर पहुंचने वाले हैं। प्रशासन ने मृतकों के शवों की शिनाख्त और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क संकरी और मोड़दार होने के कारण वाहन बेकाबू होना आसान हो जाता है। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
Updated on:
07 Aug 2026 05:29 pm
Published on:
07 Aug 2026 05:28 pm
