
मध्य प्रदेश में एक और मॉबलिंचिंग, बीजेपी नेता सहित भीड़ ने महिला को बेरहमी से पीटा, वीडियो
धार/ मध्य प्रदेश के धार जिले में छह लोगों के साथ हुई बेरहमी से मारपीट के बाद एक की हत्या की घटना को अभी एक सप्ताह भी नहीं बीता है कि, जिले से मॉबलिंचिंग की एक और घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। भील तलवाड़ा गांव के नालछा थाने से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक खास व्यक्ति समेत भीड़ युवती पर लाठी डंडे बरसा रही है। सामने आए वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है महिला बचने का हर संभव प्रयास करती रही, लेकिन बेरहम भीड़ उसपर उग्रता की सारी हदें पार कर दीं। हैरानी की बात ये है कि, पिछली बार छह लोगों के साथ हुई मॉबलिंचिंग में बीजेपी नेता और सरपंच रमेश जूनापानी का नाम सामने आया था। इस बार हुई मॉबलिंचिंग में भी महिला को बेरहमी से पीटने वाला मुख्य व्यक्ति बीजेपी नेता और पूर्व सरपंच कनीराम ओसारी सामने आया है।
देखें महिला के साथ हुई मॉबलिंचिंग का वायरल वीडियो
ये था युवती का दोष, पंचों ने सुनाया फैसला!
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, युवती को पीटने का फैसला आदीवासी पंचायत द्वारा लिया गया था। युवती का दोष ये था कि, वो किसी व्यक्ति से प्रेम करती थी और परिवार की असहमति होने के कारण करीब देढ़ माह पहले घर से भाग गई थी। पंचों का मानना था कि, इसमें युवती के परिवार ही नहीं बल्कि पूरे गाव की बदनामी हुई है, जिसकी सजा स्वरूप युवती को भीड़ द्वारा सरेराह लाठी डंडों से पीटने का फरमान जारी किया गया।
पढ़ें ये खास खबर- ठंड का कहर : सीवियर कोल्ड डे की चपेट में आए कई शहर, अभी और गिरेगा तापमान
महिला को पीटने वाले की इलाके में धाक
महिला को बेरहमी से लाठी से पीटने वाला मुख्य शख्स जिले में रसूख रखने वाला बीजेपी नेता और पूर्व सरपंच कनीराम ओसारी बताया जा रहा है। फिलहाल वो पंच नहीं है, लेकिन अब भी ग्राम के किसी भी फैसले पर उसका पूरा अधिकार रहता है। सूत्रों के मुताबिक, कनीराम इलाके का सबसे बड़ा रसूखदार है, जिसके एक कहने पर इलाके भर में मुस्तैदी से अमल किया जाता है। ये बात भी सामने आई है कि, बीजेपी की ओर से जिस नेता को वोट करने का वो ग्रामीणों से कह दे, तो उसके अलावा किसी अन्य प्रत्याशी को वोट नहीं पड़ता। कनीराम धार मंडी उपाध्यक्ष भी है।
पांच दिन पहले भी हो चुकी है जिले में मॉबलिंचिंग
बता दें कि, पिछले सप्ताह 5 फरवरी बुधवार को भी जिले के बोरलई गांव में भीड़तंत्र का शिकार हुई मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई थी। इसमें भीड़ द्वारा छह लोगों को बेरहमी से पीटा गया, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई थी। इसमें पुलिस अब तक करीब 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में भी पुलिसिया कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भीड़ को उकसाने का आरोप लगाते हुए बीजेपी नेता और सरपंच रमेश जूनापानी को गिरफ्तार किया था। सरपंच पर आरोप था कि, वो भीड़ को उकसा रहा था कि, उन छह लोगों को पीटें। अगर वो चाहता तो भीड़ को समझाइश दे सकता था, जिससे इतनी भयावय घटना सामने नहीं आती। हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद 5 पुलिस कर्मी भी ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड हुए।
Published on:
11 Feb 2020, 1:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.