धौलपुर/नदबई. कस्बा नदबई में बंदरों का आतंक लगातार रूप से जारी है। आलम यह है कि बंदरों के आतंक के कारण लोग अपने घरों की छतों पर ही नहीं जा पा रहे हैं। आए दिन कस्बा क्षेत्र में बंदरों द्वारा लोगों को काटने सहित घरों में अनेक प्रकार के नुकसान पहुंचाए जा रहे हैं। इसके साथ ही बिजली के खंभों को पकड़ कर हिलाने सहित विद्युत लाइनों पर लटकते हुए करतब दिखाना अब उनकी दिनचर्या में शामिल हो गया है। बंदरों की इसी कारगुजारी के कारण रविवार सुबह करीब 6 बजे कस्बे के उपाध्याय पाड़ा स्थित वार्ड नंबर 2 के विद्युत खम्भा संख्या 100/1 को बंदरों ने इस कदर हिलाया की खम्भा टूटकर गिर गया। संचालित विद्युत व्यवस्था के मद्देनजर यह गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा होने से टल गया।