
पत्रिका फोटो
Patrika Raksha Kavach Abhiyan: मध्यप्रदेश में चल रहा ठगी का ट्रेंड अब राजस्थान के धौलपुर-भरतपुर में भी पहुंच गया है। ठगों के निशाने पर धौलपुर-भरतपुर के शिक्षक हैं। वे शिक्षकों को फोन करके ट्रांसफर, सस्पेंड करने की धमकी दे ठगी कर रहे हैं।
ठगों ने धौलपुर-भरतपुर में 13 शिक्षकों को शिकार बनाने के लिए संपर्क किया। तीन शिक्षकों से 1.10 लाख रुपए की ठगी भी कर ली। शिक्षकों को ठग फोन कर कभी मिड डे मील में गड़बड़ी तो कभी महिला शिक्षक से अभद्रता तो कभी समय पर स्कूल नहीं आने की शिकायत पर सस्पेंड करने की धमकी देकर वारदात कर रहे हैं। बताया जाता है कि कुछ शिक्षकों ने रिपोर्ट नहीं दी।
शिक्षकों ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि ठग उन्हें दो अलग-अलग नाम से फोन कर रहे हैं। किसी को खुद का नाम आकाश वर्मा, तो किसी को राजीव शर्मा बताया है। सभी शिक्षकों को एक ही नंबर 9302193432 नंबर से फोन किया गया। ठगों के पास शिक्षकों के नाम, स्कूल, ई-मेल आइडी से लेकर अन्य जानकारी है। आशंका है कि शिक्षकों का डेटा लीक हुआ है।
ठग खुद को राज्य शिक्षा केंद्र का अधिकारी बताकर शिक्षकों को फोन कर स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की जानकारी लेते हैं। बातचीत करके विश्वास में लेते हैं। बाद में शिक्षकों को टोल फ्री नंबर 181 पर शिकायत आने का हवाला देकर उनके खिलाफ जांच करने की बात करते हैं।
पहली जांच में शिक्षक को सस्पेंड किए जाने का भय दिखाते हैं और दूसरी जांच में दोषी पाए जाने पर कंपोजिट ग्रांट राशि का 50 प्रतिशत राज्य शिक्षा केंद्र में जमा कराने के लिए कहते हैं। घबराकर तीन शिक्षकों में से दो पुरुष शिक्षक ने 25-25 हजार रुपए व एक महिला शिक्षक ने 60 हजार रुपए ठगों के बताए बैंक खाते में जमा करवा दिए।
Updated on:
6 Dec 2024, 2:41 PM IST
Published on:
6 Dec 2024, 10:14 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.