नई दिल्ली। डीजल की कीमतों, थर्ड पार्टी बीमा समेत अन्य मांगों को लेकर शुक्रवार 20 जुलाई से हड़ताल पर गए ट्रक-बस ऑपरेटरों की हड़ताल शनिवार 21 जुलाई को जारी रही। हड़ताल के पहले दिन ट्रकों-बसों के पहिए थमने से पूरे देश में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी शहरी क्षेत्रों में हुई जहां स्कूली बसें नहीं चलने से बच्चों को स्कूल के लिए पैदल जाना पड़ा। इसके अलावा ट्रक नहीं चलने से जरूरी सामानों की आपूर्ति भी थम गई। दूसरे दिन भी कुछ यही हाल रहा। मुंबई में दूसरे दिन भी बसें नहीं चलने से स्कूली बच्चे परेशान रहे। दिल्ली एनसीआर समेत देश के दूसरे शहरों में भी एेसा ही हाल रहा। ट्रक-बसों की हड़ताल से पहले दिन 2000 करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।