
CBSE
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं कक्षा की टर्म-II बोर्ड परीक्षाओं के संबंध में कुछ ऑनलाइन मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जा रही गलत जानकारी के खिलाफ एक पब्लिक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है, यह देखा गया है कि कुछ ऑनलाइन मीडिया प्लेटफॉर्म दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में प्रमुख परीक्षा पैटर्न में बदलाव के बारे में ब्रेकिंग न्यूज जैसे भावों का उपयोग करके गलत सूचना प्रसारित कर रहे हैं और छात्रों को भ्रमित कर रहे हैं। बोर्ड ने छात्रों ने कहा है कि CBSE टर्म 2 बोर्ड परीक्षा 2022 के पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
भ्रामक जानकारियां फैला रहे कुछ प्लेटफॉर्म
CBSE के आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि टर्म 2 परीक्षाओं का प्रारूप वही रहेगा, जैसा कि परिपत्र संख्या 51, दिनांक 5 जुलाई 2021 में उल्लिखित है। टर्म 1 की परीक्षा पहले ही पूरी हो चुकी है और टर्म 2 के लिए परीक्षा के प्रारूप का भी उसी परिपत्र में उल्लेख किया गया है, सीबीएसई ने सलाह के माध्यम से दोहराया। सभी को भ्रामक खबरों से आगाह करते हुए बोर्ड ने केवल आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in देखने के लिए कहा है।
आधिकारिक वेबसाइट पर आने वाली जानकारी पर करें विश्वास
बोर्ड ने छात्रों और अन्य हितधारकों को सलाह दी है कि वे केवल उस जानकारी पर विश्वास करें जो इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। सीबीएसई टर्म 2 बोर्ड परीक्षा 2022 कक्षा 10 और 12 के लिए मार्च-अप्रैल, 2022 में आयोजित होने वाली है। कक्षा 10वीं-12वीं के रिजल्ट भी आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in और cbseresults.nic.in पर डाउनलोड करने के लिए उपलब्ध होंगे।
Published on:
5 Jan 2022, 3:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.