
CBSE Surprise Inspection: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने दिल्ली, बेंगलुरु, वाराणसी, बिहार और गुजरात और छत्तीसगढ़ के 29 स्कूलों में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश लोगों को बोर्ड के संबद्धता उपनियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया। इन स्कूलों में छात्रों की वास्तविक हाजिरी से ज्यादा छात्रों को नामांकित किया गया। साथ ही इन स्कूलों द्वारा बुनियादी ढ़ांचे के मानदंडों का उल्लंघन करते हुए पाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सीबीएसई ने इन उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए ऐसे सभी स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया में है। यही नहीं बोर्ड दोषी स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करने पर भी विचार कर रहा है।
बोर्ड के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों में से 18 दिल्ली में हैं, जबकि वाराणसी में तीन, बेंगलुरु, पटना, अहमदाबाद, बिलासपुर और छत्तीसगढ़ में दो-दो स्कूल हैं। इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बहुत से छात्र ‘डमी’ के तौर पर दाखिला लेते हैं ताकि वे पूर्ण रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर अपना ध्यान केंद्रित कर सकें। ऐसे छात्र स्कूल नहीं आते हैं और सीधे बोर्ड परीक्षा में शामिल हो जाते हैं।
सीबीएसई ने इससे पहले बीते मंगलवार (17-12-2024) को दिल्ली के दो स्कूलों के खिलाफ प्रीत विहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की थी। बोर्ड का कहना है कि इन स्कूलों ने CBSE के सामने जाली दस्तावेज पेश किए हैं। वहीं बीते महीने सीबीएसई ने एक्शन लेते हुए 21 स्कूलों की मान्यता रद्द कर दी थी। इनमें ज्यादातर स्कूल दिल्ली के थे और 5 स्कूल राजस्थान के थे। इन स्कूलों में CBSE के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था।
Updated on:
20 Dec 2024, 10:45 AM IST
Published on:
20 Dec 2024, 10:45 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.