
राहुल गांधी के पूर्वज एक्सीडेंटल हिन्दू, इसीलिए हिन्दू और हिन्दुत्व नहीं समझते: सीएम योगी
लखनऊ/अमेठी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमेठी को राजकीय मेडिकल कालेज और 500 शैय्या वाला जिला स्तरीय चिकित्सालय का तोहफा देने के बाद कांग्रेस और उसके पूर्व सांसद पर बड़ा हमला बोला। सीएम योगी ने कहाकि, हिन्दू पर हमारा कोई छुपा एजेंडा नहीं है। हम सत्ता से बाहर थे तो भी और जब सत्ता में है तब भी गर्व से कहते हैं कि हम हिन्दू हैं।
वह एक्सीडेंटल हिन्दू हैं
अमेठी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहाकि, भारतीय परंपरा कितनी समृद्ध है कि वह जाति व धर्म नहीं देखती। लेकिन यहां राज करने वाले हिन्दू और हिन्दुत्व को अलग समझते हैं। इनके पूर्वज कहते थे कि वह एक्सीडेंटल हिन्दू हैं वह हिन्दू बोल भी नहीं सकते। उन्होंने तो दुर्भाग्य से भारत में जन्म ले लिया। आपके पूर्व सांसद जब बाहर जाते हैं तो भारत के खिलाफ बोलते हैं और जब केरल जाते हैं तो अमेठी के खिलाफ। इतना खुदगर्ज किसी को नहीं होना चाहिए।
दीवारों से निकाल रही नोटों की गड्डियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, आप लोगों ने देखा कि आयकर विभाग दीवारों से नोटों की गड्डियां निकाल रहा है। पहले जेसीबी से मिट्टी निकालने का काम होता था लेकिन हम जेसीबी से नोटों का अम्बार निकाल रहे हैं। यह वही पैसा है जो गरीबों की योजनाओं का लूटकर दीवालों में दबा दिया गया था।
इन्होंने देश का विभाजन करवाया
सीएम योगी ने कहा कि हमारा कोई छुपा एजेंडा नहीं है जब हम सरकार में तब भी जब नहीं थे तब भी कहते रहे हैं कि गर्व से कहो हम हिन्दू हैं। लेकिन वह लोग देश की सांस्कृतिक परपंरा को नहीं जानते इसीलिए इन्होंने सत्ता के लालच में देश का विभाजन करवाया और देश में कभी कश्मीर में धारा 370 लगाई तो राममंदिर में ताला लगवाया और हमेशा रामसेतु को तोड़ने के लिए लालायित रहते थे।
हिन्दुत्व हमारी सांस्कृतिक पहचान
सीएम योगी ने कहा कि, हम भारतीय है हिन्दुत्व हमारी सांस्कृतिक पहचान है। यह लोग सोमनाथ और राममंदिर के मंदिर का विरोध करते थे। कुछ लोग तो कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता और गोली चलवाने का काम किया था। लेकिन आपकी ताकत के आगे यह परास्त हो चुके हैं यह लोकतंत्र की ताकत है कि यही राममंदिर बनाने की बात करने लगे।
विश्वनाथ धाम बनाने वालों पर पीएम ने की पुष्प वर्षा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, आज की लड़ाई ही है निर्माण और विध्वंस करने वालों के बीच। आपने इतिहास में सुना होगा कि जिन श्रमिकों ने ताजमहल का निर्माण किया तो उनके हाथ काट दिए गए थे आज श्रीकाशी विश्वनाथ धाम बनाने वालों पर प्रधानमंत्री पुष्पवर्षा करते हैं।
जब कोरोना काल था यूपी सरकार कर रही थी काम
Uttar Pradesh Assembly Election 2022 सीएम योगी ने कहा कि जब कोरोना काल था हम और हमारी सरकार लोगों के बीच काम जीवन और जीविका बचाने का काम कर रही थी। वहीं सरकार के काम में विघ्न डालने के लिए यहां के नेता ने दूसरे प्रदेश से श्रमिकों को वापस लाने के लिए एक हजार बसों का नम्बर दिया। जब हमारी सरकार ने उस सूची की जांच कराई गई तो उसमें स्कूटर और कबाड़ी के यहां पड़ी गाड़ी का नम्बर निकला। कांग्रेस फर्जी बस और स्कूटर का नम्बर देकर जनता के साथ खिलवाड़ कर रही थी। यह लोग तब अव्यवस्था फैलाना चाहते थे।
सबका साथ और सबका विकास भाजपा का नारा
सीएम योगी ने कहा कि, उस समय सपा और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष या सामान्य कार्यकर्ता जनता के बीच नहीं था। जब चुनाव की दस्तक सुनाई दी तो यह चुनावी पर्यटन के लिए निकल पड़े हैं। कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहाकि, हमने गरीबी हटाओ का तो नारा नहीं दिया। हमारे प्रधानमंत्री ने तो सबका साथ और सबका विकास का नारा दिया।
Published on:
3 Jan 2022, 10:23 PM IST
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.