यूपी विधानसभा चुनाव में प्रतापगढ़ की कुंडा विधानसभा सीट रेड अलर्ट में शामिल थी। और पांचवें चरण की वोटिंग में चुनाव आयोग और जिला प्रशासन की शंका सत्य साबित हुई। कुंडा सीट से राजा भैया को चुनौती दे रहे समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी गुलशन यादव से चुनाव के दौरान मारपीट हुई। जिसके बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रतापगढ़ के कुंडा विधायक और जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया, सुभाष सिंह और गोपाल केसरवानी समेत 18 पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह मुकदमा समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंट रैयापुर निवासी राकेश पासी ने दर्ज करवाया है। कुंडा थाने में दर्ज एफआईआर में सपा एजेंट ने राजा भैया पर जातिसूचक गाली, जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है।