
सपने में श्रीकृष्ण से मिला वरदान अब रामलला को मनाने अयोध्या जाएंगे अखिलेश
लखनऊ. समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने एक बड़ा राज खोला कहाकि, भगवान श्रीकृष्ण रात में हमारे सपने में आए थे। भगवान कृष्ण जी कह रहे थे कि आपकी सरकार बनने वाली है। एक बार नहीं आए, हर दिन आते हैं। इस ऐलान के बाद तो राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गरम हो गया, लगता है कि अखिलेश यादव ने साफ्ट हिंदुत्व की डगर पकड़ ली है। यही नहीं अखिलेश यादव ने कृष्ण जी को तो माना लिया अब भगवान राम से भी वरदान पाने की लालसा में रामलला के दर्शन करने आठ व नौ जनवरी को अयोध्या जा रहे हैं।
कोई चूक नहीं करना चाहते अखिलेश -
उत्तर प्रदेश की सत्ता वापसी की जोरदार तैयारी में जुटे समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कोई चूक नहीं करना चाहते हैं। अखिलेश यादव ने मौके पर चौका लगाते हुए यह ऐलान कर दिया है कि, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 लड़ेंगे।
रामलला के दर्शन की घोषणा से सब चौंके -
भाजपा के तरकश में चुनाव जीतने के जितने भी तीर है, सपा मुखिया अखिलेश यादव उनका जवाब देने में पीछे नहीं हट रहे हैं। सपा का नया नारा है 'नई हवा है, नई सपा है।' नई सपा के नारे को हकीकत का अमलीजामा पहनाने के लिए अखिलेश यादव मठ-मंदिरों के दर्शन भी कर रहे हैं। पर रामलला के दर्शन की घोषणा ने सबको चौंका दिया है। आठ व नौ जनवरी को अखिलेश का प्रस्तावित अयोध्या दौरे लगभग लगभग तय है। रात्रि प्रवास भी करेंगे। वह पहली बार रामलला के दर्शन भी कर सकते हैं। राम मंदिर का मुद्दा बार बार उछालकर भाजपा, सपा की राह में रोड़े अटका रही है। तो अखिलेश यादव ने भी 'साफ्ट हिंदुत्व' का रुख कर लिया है।
सपा को नए चोले में कर रहे शिफ्ट -
Uttar Pradesh Assembly Election 2022 अखिलेश यादव लगातार पुरानी समाजवादी पार्टी को नए चोले में शिफ्ट कर रहे हैं। ध्रुवीकरण की किसी भी धार को कुंद करने के प्रयास में वह साफ्ट हिंदुत्व की राह पकड़े हुए हैं, ताकि सपा की धर्मनिरपेक्षता वाली छवि को भी नुकसान न पहुंचे। इसलिए लगातार वो सभी मंदिरों में माथा टेक रहे हैं। पिछले वर्ष जनवरी में चित्रकूट के लक्ष्मण पहाड़ी मंदिर गए और कामदगिरि की परिक्रमा की। दिसम्बर माह में जब रायबरेली गए तो हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और रविवार को लखनऊ में भगवान परशुराम के मंदिर में पूजन किया।
अयोध्या जाना रणनीति का हिस्सा -
रणनीति के हिस्से के तहत अब अखिलेश यादव अयोध्या जा रहे हैं। विस्तृत कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। पर समाजवादी विजय रथ यात्रा से सपा अध्यक्ष अयोध्या पहुंचेंगे।
Updated on:
4 Jan 2022, 2:10 PM IST
Published on:
4 Jan 2022, 2:10 PM IST
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.